सोनभद्र। जिले के प्रमुख बाजारों को खोलने के लिए नया रोस्टर जारी किया गया है। इसके तहत प्रशासन ने नगरीय क्षेत्र के बाजारों को दो ग्रुपों ए और बी में बांटा है। नए रोस्टर के तहत सोमवार से राबर्ट्सगंज नगर पालिका के अलावा नगर पंचायतों के तहत आने वाले नगरीय क्षेत्रों में सड़कों व गलियों के किनारों पर बाईं तरफ स्थित दुकानें सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को खोली जाएंगी। इसी तरह से नगरीय क्षेत्रों में सड़कों व गलियों में दाईं तरफ स्थित स्थित दुकानें मंगलवार व वृहस्पतिवार को खोली जाएंगी। रोस्टर के अनुरूप दुकानें खोले जाने तथा सोशल डिस्टेंस मेंटेन कराने के लिए एडीएम ने नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों और थाना प्रभारियों को दिशा निर्देश जारी किए। एडीएम योगेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि नए रोस्टर के अनुरूप दुकानें खोले जाने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित अधिशासी अधिकारियों व थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। यह व्यवस्था 27 जुलाई से लागू होगी। नए रोस्टर के तहत नगरीय इलाकों के प्रमुख बाजारों में सड़क की बाईं तरफ स्थित दुकानें सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को खुलेंगी और दाईं तरफ स्थित दुकानें मंगलवार व वृहस्पतिवार को खुलेंगी। इसी तरह से इसके अगले सप्ताह सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को सड़क की दाईं तरफ स्थित दुकानें खोली जाएंगी जबकि मंगलवार व वृहस्पतिवार को सड़क की बाईं तरफ स्थित दुकानें खोली जाएंगी। यह व्यवस्था कोरोना संक्रमण के फैलाव पर रोक के लिए लागू की गई है। इसका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित अधिशासी अधिकारियों के साथ ही थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं। चुर्क : नगर में रोस्टर के अनुसार दुकानें खोली जाएंगी। अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार की तरफ से जारी रोस्टर के तहत दुकानें नई व्यवस्था के तहत खोले जाने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें कहा गया है कि सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को सड़क की बाईं तरफ स्थित दुकानें खुलेंगी और मंगलवार तथा वृहस्पतिवार को दाईं तरफ स्थित दुकानें खुलेंगी। इसके अगले सप्ताह सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को दाईं तरफ स्थित दुकानें तथा मंगलवार व वृहस्पतिवार को बाईं तरफ स्थित दुकानें खुलेंगी। राबर्ट्सगंज शहर के प्रमुख मार्गों पर की गई बैरिकेडिंग हटा दी गई है। सोमवार से प्रमुख बाजार रोस्टर के हिसाब से खुलेंगे। इस बीच लोगों को जरूरत पड़ने पर मास्क लगाकर ही घरों से निकलने को कहा गया है। शहर के कई क्षेत्रों में कोरोना संक्रमित मरीज मिलने के कारण अधिकांश बाजार व प्रमुख मार्ग कुछ दिन पहले सील कर दिए थे। प्रमुख मार्गों से संबंधित चौराहों व गलियों के रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दिए जाने से शहर के अधिकांश इलाकों में आवागमन कई दिनों तक ठप रहा। बैरिकेडिंग के कारण वाहनों की आवाजाही रूक गई थी। इस बीच सोमवार से नए रोस्टर के हिसाब से दुकानें खोले जाने संबंधी जारी नए दिशानिर्देश के बाद शनिवार की रात बढ़ौली चौराहा, मेन चौक, चंडी तिराहा, धर्मशाला रोड, पन्नूगंज मार्ग सहित प्रमुख बाजारों से जुड़े मार्गों पर की गई बैरिकेडिंग हटा ली गई। हालांकि बैरिकेडिंग हटा लिए जाने के बावजूद रविवार को प्रमुख मार्गों व बाजारों से सन्नाटा रहा। उधर, पूर्ण बंदी के मद्देनजर ड्यूटी पर तैनात अधिकारी व पुलिसकर्मी मास्क लगाकर न चलने वालों के खिलाफ सख्ती करते दिखे।