सोनभद्र। राबर्ट्सगंज तहसील प्रशासन ने सड़क की पटरियों समेत अन्य सार्वजनिक जगहों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार को फोर्स के साथ एसडीएम केएस पांडेय ने राबर्ट्सगंज के रामसरोवर तालाब के पास से अतिक्रमण हटवाया। इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध करने का प्रयास किया लेकिन पुलिस के कड़ा रुख अख्तियार करते ही सभी शांत हो गए। नगर पालिका प्रशासन अतिक्रमणकारियों से अतिक्रमण हटाने में आने वाले खर्च की वसूली करने की तैयारी में भी है।
डीएम अभिषेक सिंह ने सभी तहसीलों के एसडीएम, नगर पालिका और नगर पंचायतों के ईओ को बाजारों में पटरियों के किनारे अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। ताकि लोगों को जाम के झाम से निजात मिल सके। इसी क्रम में बुधवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे राबर्ट्सगंज नगर में रामसरोवर के पास फोर्स के साथ एसडीएम, नगर पालिका के ईओ प्रदीप गिरि, महिला थानाध्यक्ष संतू सरोज और कस्बा चौकी इंचार्ज योगेंद्र सिंह पहुंचे और अतिक्रमणकारियों को गुमटी हटाने को कहा। घंटे भर बीतने के बाद भी उन्होंने अतिक्रमण नहीं हटाया। इसके बाद एसडीएम के निर्देश पर नगर पालिका कर्मियों ने जेसीबी से अतिक्रमण को हटवाना शुरू कर दिया। इस दौरान कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस के कड़े रुख को देखते हुए शांत हो गए। एसडीएम केएस पांडेय ने बताया कि तालाब के समीप नगर पालिका की जमीन पर कुछ लोगों ने गुमटियों को रखकर कब्जा कर लिया था। पूर्व में कई बार संबंधितों को दुकानों को हटाकर जमीन खाली करने के लिए कहा गया था लेकिन उन्होंने नहीं हटाया।नगर पालिका ईओ को अतिक्रमण करने वालों से अतिक्रमण हटाने में आने वाला खर्च भी वसूल करने का निर्देश दिया गया है। सरकारी जमीनों और सड़कों की पटरियों पर कब्जा करने वालों को किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।