Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Sonebhadra News ›   Unseasonal rain halted paddy harvesting; laborers remained idle in the fields.

Sonebhadra News: बेमौसम बारिश ने रोकी धान की कटाई, खेतों में खाली बैठे रहे मजदूर

Sun, 22 Nov 2026 11:37 PM IST
Varanasi Bureau वाराणसी ब्यूरो
Updated Sun, 22 Nov 2026 11:37 PM IST
विज्ञापन
Unseasonal rain halted paddy harvesting; laborers remained idle in the fields.
रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र में आसमान में छाया बादल। संवाद
सोनभद्र। चक्रवाती तूफान के प्रभाव से जिले में लगातार दूसरे दिन भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रहा। शनिवार से शुरू हुई रिमझिम बारिश रविवार को भी रुक-रुककर होती रही। पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे। बीते 24 घंटे में जिले में औसतन 21.25 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बेमौसम बारिश से धान की कटाई और मड़ाई का काम प्रभावित हो गया है। खेतों में पानी भरने और फसल भीगने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। वहीं, दिनभर चली सर्द हवाओं से ठंड और गलन का एहसास भी बढ़ गया। मौसम में आए बदलाव के कारण लोग गर्म कपड़ों में नजर आए। जिले में शनिवार सुबह करीब नौ बजे से मौसम बदलने लगा था। आसमान में बादल छाने के साथ ही रुक-रुककर बारिश शुरू हो गई। शनिवार रात भी बारिश का सिलसिला जारी रहा। रविवार सुबह से शाम तक कभी हल्की तो कभी रिमझिम बारिश होती रही। पूरे दिन धूप नहीं निकलने और सर्द हवाएं चलने से मौसम में ठंडक बनी रही। खासकर सुबह और शाम के समय लोगों को ठंड का अधिक एहसास हुआ। बेमौसम बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इन दिनों खेतों में धान की कटाई और मड़ाई का काम तेजी से चल रहा था, लेकिन बारिश के कारण कई स्थानों पर काम ठप हो गया। खेतों में पानी भरने और फसल भीगने से कटाई प्रभावित हुई है। रविवार को कई खेतों में धान काटने पहुंचे श्रमिक काम नहीं मिलने के कारण खाली बैठे नजर आए। किसानों को आशंका है कि लगातार बारिश होने से कटी हुई धान की फसल को नुकसान पहुंच सकता है। वहीं, खेतों में खड़ी फसल की कटाई में भी देरी हो सकती है। जिला कृषि अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि बेमौसम बारिश से जिन किसानों की कटी हुई धान की फसल को नुकसान हुआ है और उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा कराया है, वे इसकी सूचना बीमा कंपनी को दें। किसान टोल फ्री नंबर 14447 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने किसानों से समय रहते फसल नुकसान की जानकारी देने की अपील की, ताकि नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।जिला आपदा विशेषज्ञ अरुण यादव ने बताया कि शनिवार सुबह आठ बजे से रविवार सुबह आठ बजे तक जिले में औसतन 21.25 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश के कारण मौसम में बदलाव आया है। प्रशासन की ओर से जिले की चारों तहसीलों में बेमौसम बारिश से हुए नुकसान का आंकड़ा जुटाया जा रहा है। इसके लिए रविवार को भी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। अब तक 100 से अधिक शिकायतें दर्ज की जा चुकी हैं। शिकायतों के आधार पर संबंधित क्षेत्रों में लेखपालों की टीम भेजकर फसल क्षति का आकलन कराया जाएगा। मौसम विज्ञान केंद्र चुर्क के प्रेक्षक राजन सिंह ने बताया कि बारिश के दौरान शनिवार को न्यूनतम तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो रविवार को बढ़कर 20.4 डिग्री सेल्सियस हो गया। वहीं, शनिवार को अधिकतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस था, जो रविवार को घटकर 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में उतार-चढ़ाव और लगातार चल रही सर्द हवाओं के कारण लोगों को ठंड का एहसास हो रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed