ओबरा के गांधी मैदान में सोमवार की शाम मेजर ध्यानचंद की जयंती पर ओबरा ए और बी के बीच मैत्रीपूर्ण फुटबाल मैच खेला गया। इसमें ओबरा गांधी क्लब ने खिताबी जीत हासिल की। समाजसेवी कन्हैयालाल जायसवाल व राज सुशील पासवान के नेतृत्व में दोनों फुटबॉल टीम के बीच 80 मिनट का मैच खेला गया।
मैच के दूसरे हाफ में ओबरा बी के खिलाड़ी बबलू यादव और अनिल कुमार ने एक-एक गोल कर अपनी टीम को 2-0 से जीत दिलाई। पहले हाफ में दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। मुख्य अतिथि क्षेत्राधिकारी ओबरा शंकर प्रसाद, कोतवाल प्रभारी मिथिलेश मिश्रा ने मैच का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि भारत को ओलंपिक खेलों में तीन स्वर्ण पदक दिलाने वाले और 400 से अधिक गोल करने वाले हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद पद्म भूषण से सम्मानित हुए। विजेता व उपविजेता टीम को प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि ने ट्राफी प्रदान कर सम्मानित किया। निर्णायक अरविंद यादव और मुकेश तिवारी रहे। इस अवसर पर उमाशंकर सिंह, फादर ज्ञान प्रकाश, राहुल पांडेय, अजय कुमार सिंह, पप्पू खान, नीरज भाटिया, मनोज पटेल, प्रकाश जायसवाल, मो. अहमद खान नूर, विनय पटेल आदि रहे।