दिनदहाड़े असलहा सटाकर लूट: सोनभद्र में इंडियन बैंक के लघु शाखा संचालक से लूटे 1.17 लाख, बाइक से हुए फरार
सोनभद्र जिले के राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के मधुपुर बाजार में तीन बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े इस वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने असलहा सटाकर संचालक से 1.17 लाख रुपये लूट लिए। जब वह बाइक से फरार हुए तो उनका कार से पीछा किया गया, तब तक वह फरार हो गए थे।
विस्तार
सोनभद्र जिले के राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के मधुपुर बाजार में मंगलवार की सुबह बदमाशों ने दिनदहाड़े इंडियन बैंक के लघु शाखा संचालक से 1.17 लाख रुपये लूट लिए। बाइक सवार बदमाशों ने असलहे के बल पर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद संचालक ने भाग रहे बदमाशों का पीछा करने की भी कोशिश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के तीनताली गांव निवासी दीपक जायसवाल मधुपुर बाजार में फुटहरवा पुल के पास किराये के मकान में इंडियन बैंक की लघु शाखा चलाते हैं। मंगलवार की सुबह दस बजे वह रोज की तरह शाखा खोलकर लेन-देन कर रहे थे।
इसी दौरान एक बाइक पर सवार होकर तीन लोग पहुंचे। बाहर बाइक खड़ी कर शाखा के अंदर गए और आधार कार्ड से पैसा निकालने की बात कही। अचानक से उनमें दो बदमाश काउंटर फांद कर दीपक के पास पहुंच गए। एक बदमाश ने दीपक को तमंचा सटा दिया और दूसरा कैश बॉक्स से रुपये समेटने लगा।
वारदात के बाद तीनों बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। दीपक ने बाहर निकलकर शोर मचाया। स्कार्पियो से कुछ दूर तक पीछा करने की भी कोशिश की, लेकिन तब तक बदमाश दूर निकल चुके थे। सूचना पाकर राबर्ट्सगंज कोतवाली और सुकृत चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई।
एएसपी विनोद कुमार ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की। पुलिस आसपास के दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी हुई है। एएसपी ने बताया कि मामले की हर पहलू पर जांच की जा रही है। बदमाशों को चिह्नित कर शीघ्र दबोच लिया जाएगा।