UP: बसपा विधायक के आठ ठिकानों पर 30 घंटे से चल रही आयकर की जांच, 50 से अधिक अफसरों की टीम; ड्रोन से सर्वे
Sonbhadra News: सोनभद्र में दूसरे दिन ओबरा के कस्तूरबा मार्केट स्थित एसबीआई शाखा में टीम ने नकदी जमा कराए। इसके साथ ही इशाना खदान के अंदर ड्रोन से सर्वे कराया। खनन और जारी परमिट के बारे में जानकारी ली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बलिया के रसड़ा से बसपा विधायक उमाशंकर सिंह सहित जिले के प्रमुख खनन कारोबारियों के ठिकानों पर आयकर विभाग की जांच बृहस्पतिवार को भी जारी रही। आयकर के 50 से अधिक अफसरों की टीम ने करीब 30 घंटे की जांच के दौरान खनन कारोबारियों के यहां से नकदी-जेवरात सहित कई अहम दस्तावेज हासिल किए हैं।
ओबरा के कस्तूरबा मार्केट स्थित एसबीआई शाखा में नकद आयकर विभाग के खाते में जमा कराने का दावा किया गया। एक अन्य टीम ने भी कुछ अन्य सामान जमा कराए। हालांकि उसकी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। देर शाम तक टीम जांच में जुटी रही। खदान क्षेत्र में कैंप कर टीम ने ड्रोन के माध्यम से सर्वे भी कराया।
आयकर विभाग की टीम बुधवार की सुबह करीब 10 बजे जिले में धमकी थी। टीम ने बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के रॉबर्ट्सगंज की अमरती कॉलोनी स्थित छात्र शक्ति कंस्ट्रक्शन के दफ्तर में पहुंचकर जांच शुरू की तो एक अन्य टीम ओबरा के बिल्ली मारकुंडी स्थित क्रशर प्लांट पर पहुंची।
पुलिस ने की कार्रवाई
इसके अलावा डाला-बिल्ली क्रशर एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय सिंह, उनके पड़ोसी व खनन कारोबारी सीबी गुप्ता के ओबरा सेक्टर 8 स्थित आवास, खनन कारोबारी देवेंद्र केशरी के शिवनगर कॉलोनी और संजीत चौबे के डिग्री कॉलेज रोड स्थित आवास पर भी आयकर की टीम पहुंची थी। चोपन में एक अन्य खनन कारोबारी नियाज अंसारी का प्रीतनगर स्थित आवास भी जांच के दायरे में हैं। सभी ठिकानों पर पूरी रात और बृहस्पतिवार को भी देर शाम टीम छानबीन में जुटी रही।
इस बीच बिल्ली मारकुंडी स्थित इशाना कंस्ट्रक्शन के खदान में पहुंचकर खनन क्षेत्र, बिक्री के लिए जारी होने वाले परमिट, बोल्डर परमिट सहित अन्य बिंदुओं पर जानकारी जुटाने में लगी हुई है। टीम ने ड्रोन कैमरा उड़ाकर खनन क्षेत्र की वास्तविक स्थिति का भी सर्वे किया।
बृहस्पतिवार को दोपहर बाद आयकर विभाग की एक टीम ओबरा के कस्तूरबा मार्केट स्थित एसबीआई शाखा पहुंची। वहां आयकर विभाग के एसबीआई खाते में 20 लाख रुपये जमा कराए गए। कुछ देर बाद एक अन्य टीम भी पहुंची। आयकर विभाग की जांच को लेकर पूरे जिले में खलबली मची हुई है। खास तौर से खनन कारोबारी पूरी तरह सहमे हुए हैं। लंबे समय बाद इस तरह की जांच में बड़ी कार्रवाई के कयास लगाए जा रहे हैं।