{"_id":"6b01f279a1da9b9e9c0b3eca","slug":"highest-rainfall-in-six-years-in-november-paddy-in-fields-gets-soaked-sonbhadra-news-c-194-1-son1017-156652-2026-11-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"Sonebhadra News: नवंबर में छह साल में सबसे ज्यादा बारिश, खेतों में भीगा धान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Sonebhadra News: नवंबर में छह साल में सबसे ज्यादा बारिश, खेतों में भीगा धान
सोनभद्र। चक्रवाती तूफान के प्रभाव से शनिवार को जिले में मौसम का मिजाज बिगड़ा रहा। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और रुक-रुककर हुई बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी। खेतों में पककर तैयार खड़ी धान की फसल और कटाई के बाद खेतों में रखी उपज भीग गई। धान के दाने काले पड़ने और गुणवत्ता प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है। जिला कृषि अधिकारी के मुताबिक, अगले दो दिनों तक बारिश का अलर्ट है। इससे कटी फसल को पांच से दस फीसदी तक नुकसान होने की आशंका है। बारिश से धान की खरीद भी प्रभावित हो सकती है। वहीं, कटाई और मड़ाई में देरी होने से रबी की बोवाई भी पिछड़ने के आसार हैं। चक्रवात के प्रभाव से शुक्रवार से ही मौसम बदला हुआ है। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की सीमा से सटे इलाकों में शुक्रवार दोपहर बाद से बारिश शुरू हो गई थी। शनिवार को पूरे जिले में इसका असर दिखा। सुबह से ही बादलों की आवाजाही बनी रही। दिन चढ़ने के साथ बादल घने होते गए और रुक-रुककर बारिश होती रही। इस समय जिले में धान की कटाई और मड़ाई का काम तेजी से चल रहा है। ऐसे में खेतों में कटी पड़ी फसल भीगने से दानों में नमी बढ़ गई है। इससे उनके काले पड़ने और गुणवत्ता खराब होने का खतरा है। वहीं, खेतों में खड़ी फसल की कटाई भी मौसम साफ होने तक प्रभावित रहेगी। बारिश से धान खरीद केंद्रों के बाहर रखी उपज को बचाने के लिए किसानों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बारिश शुरू होते ही किसानों ने तिरपाल और अन्य साधनों से धान को ढकने की कोशिश की। उपज भीगने से उसकी गुणवत्ता प्रभावित होने और खरीद के दौरान परेशानी आने की आशंका है। बेमौसम बारिश का असर खरीफ के साथ रबी की खेती पर भी पड़ सकता है। धान की कटाई और मड़ाई में देरी होने से खेत खाली होने में समय लगेगा। इससे गेहूं, चना, मटर और सरसों की बोवाई पिछड़ सकती है। खेतों में नमी अधिक रहने से जुताई और बोवाई के कार्य भी प्रभावित होंगे। किसानों को अब मौसम साफ होने का इंतजार है। जिला कृषि अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि जिन किसानों ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा कराया है और बारिश से उनकी फसल को नुकसान हुआ है, वे टोल फ्री नंबर 14447 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इससे बीमा कंपनी की ओर से आगे की कार्रवाई शुरू की जा सकेगी। किसानों को नुकसान की सूचना निर्धारित समय के भीतर देने की सलाह दी गई है। नवंबर में जिले में सामान्य तौर पर बारिश बेहद कम होती है। पिछले पांच वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2021 और 2022 में नवंबर में बारिश दर्ज नहीं की गई थी। वर्ष 2023 में एक मिलीमीटर, 2024 में शून्य और 2025 में 2.5 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। वहीं, वर्ष 2026 में शनिवार सुबह आठ बजे तक 4.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। ऐसे में इस साल नवंबर में पिछले छह वर्षों की तुलना में सर्वाधिक बारिश हुई है।मौसम में बदलाव के साथ तापमान में भी उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई, जबकि न्यूनतम तापमान में करीब पांच डिग्री की बढ़ोतरी हुई। मौसम विज्ञान केंद्र चुर्क के प्रेक्षक राजन सिंह के मुताबिक, शुक्रवार को अधिकतम तापमान 23.8 और न्यूनतम 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। शनिवार को अधिकतम तापमान 22.8 और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस रहा। वातावरण में नमी 98 फीसदी तक दर्ज की गई। ठंडी हवाओं का भी असर रहा। जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. एसएस पांडेय ने बताया कि मौसम में बदलाव सेहत के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है। सर्दी-खांसी और बुखार के मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। सांस और एलर्जी के मरीजों को ज्यादा परेशानी हो सकती है। उन्होंने बच्चों और बुजुर्गों की सेहत का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी। ठंड से बचाव करें और गुनगुने पानी का सेवन करें।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे| Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।