अनपरा (सोनभद्र)। सफाई के बहाने महिला के गहने लेकर भागे चार जालसाजों को अनपरा पुलिस ने सोमवार की सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपियों के पास से दो तमंचे, कारतूस के साथ सोने की चेन, सोने का कड़ा, अंगूठी सहित अन्य सामान बरामद हुआ है।
अनपरा बाजार निवासी अनुपम जायसवाल की पत्नी सुनीता ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि 26 सितंबर की सुबह चार लोग उसके घर पर आए और सफाई का हवाला देते हुए गहने लिए और चकमा देकर भाग गए। केस दर्ज कर अनपरा पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। रविवार की रात मुखबिर की सूचना पर सीओ पिपरी अमित कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने अनपरा के कुबरी से मप्र बाॅर्डर जाने वाले मार्ग पर घेरेबंदी कर दो बाइक से जा रहे चार संदिग्धों को रोका। पुलिस को देखते ही वे भागने लगे। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें दो बदमाश घायल हुए हैं। उनकी पहचान बिहार के कटिहार निवासी सिकंदर कुमार और अमरदीप के रूप में हुई। वहीं, उनके दो अन्य साथी कटिहार निवासी अमरदीप और पूर्णिया निवासी विपिन कुमार को भी पुलिस ने पकड़ा। घायलों को डिबुलगंज स्थित संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एसओ बृजेश सिंह ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ के बाद कोर्ट के लिए चालान कर दिया गया।