सोनभद्र। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काशी क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह ने वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह यूपी के आगामी चुनाव में करारी हार की बौखलाहट है। पार्टी के जिला कार्यालय पर प्रेस वार्ता में रमेश सिंह ने अखिलेश यादव के अयोध्या भ्रमण को भी सिर्फ राजनीतिक स्टंट करार दिया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव अयोध्या क्यों जा रहे हैं, यह सबको पता है। इन लोगों का मंदिर से कोई जुड़ाव नहीं है। सपा की ही सरकार में अयोध्या की सड़कों पर कारसेवकों का खून बहा था। अब उनके इस कदम से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। पहले उन्हें अयोध्या जाकर दिवंगत कारसेवकों से माफी मांगनी चाहिए। रमेश सिंह ने कहा कि वोट चोरी सिर्फ एक बहाना है। इसके पीछे आगामी चुनावों में मिलने वाली करार हार को छिपाना है। ज्ञानेश कुमार तो 2024 में आए, जबकि भाजपा 2014 से चुनाव जीत रही है। जनता देख रही है कि कांग्रेस या अन्य दलों का कोई भी कार्यकर्ता आम आदमी के सुख-दुख में खड़ा नहीं रहता। वह लोग सिर्फ चुनाव में दिखते हैं। इससे अलग भाजपा का हर कार्यकर्ता निरंतर जनता के बीच रहकर काम करता है। यूजीसी से जुड़े सवाल पर कहा कि यूजीसी में जो लाइन बढ़ी थी, उस पर सुप्रीम कोर्ट ने स्टे लगा दिया है। पीएम नरेंद्र मोदी सभी समाज को साथ लेकर चलने वाले हैं। वह सभी के हितों का ध्यान रखते हैं।
एससी-एसटी के दुरुपयोग के सवाल पर कहा कि यह पहले भी रहा है। भाजपा सरकार ने इसे ठीक करने का प्रयास किया है। इस मौके पर जिला प्रभारी कौशलेंद्र सिंह पटेल, जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता आदि मौजूद रहे।