सोनभद्रः नशे में धुत मोटर मैकेनिक ने पत्नी-बच्चों को घर से निकाला, फिर किया ऐसा काम कि परिजनों में मची चीख-पुकार
पति से विवाद के बाद पत्नी अपने मायके के लिए निकली। कुछ दूर जाने के बाद वह लौट आई। खिड़की से देखा तो उमेश बिजली केबल से फांसी का फंदा बना रहा था। यह दृश्य देखकर परिजन सन्न रह गए। वह चीखते-चिल्लाते हुए उससे ऐसा न करने की मिन्नतें करने लगे, मगर कुछ भी न सुनते हुए उमेश ने फांसी लगा ली।
विस्तार
सोनभद्र जिले के चोपन स्थित सिंदूरिया रोड के पास मकान में मोटर मैकेनिक ने मंगलवार रात फांसी लगाकर जान दे दी। नशे में धुत मोटर मैकेनिक ने फांसी लगाने से पहले परिवार वालों से विवाद किया। उन्हें घर से बाहर निकाल दिया। फिर कमरा बंद कर फंदे पर झूल गया। खिड़की से यह नजारा देखकर परिजन पत्नी सहित अन्य परिजन मन्नत करते रहे मगर उस पर कोई असर नहीं हुआ। घटना को लेकर मौके पर चीख-पुकार मची रही।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सिंदूरिया रोड पर स्थित सीएचसी के बगल में उमेश चंद्रवंशी मकान बनाकर रहता है। उसकी नगर के ही प्रीतनगर में मोटर मैकेनिक की दुकान है। मंगलवार देर रात वह शराब के नशे में धुत होकर घर आया।
घरवालों ने इस पर उसे टोका तो विवाद शुरू हो गया। गाली-गलौज करते हुए पत्नी और बच्चों को घर से बाहर निकालकर दरवाजा बंद कर लिया। बच्चों को लेकर पत्नी नगर में ही स्थित अपने मायके जाने लगी। कुछ दूर जाने के बाद वह लौट आई। खिड़की से झांक कर देखा तो उमेश घर में रखे बिजली केबल से फांसी का फंदा बना रहा था। यह दृश्य देखकर परिजन सन्न रह गए। वह चीखते-चिल्लाते हुए उससे ऐसा न करने की मिन्नतें करने लगे, मगर कुछ भी न सुनते हुए उमेश ने फांसी लगा ली।
शोर सुनकर पास पड़ोस के लोग पहुंचे। पुलिस को सूचना दी और किसी तरह दरवाजा खोलकर अंदर घुसे। उमेश को फंदे से नीचे उतारा, तब तक उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने सुबह शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ नवीन तिवारी के मुताबिक पारिवारिक विवाद में मोटर मैकेनिक ने फांसी लगाकर जान दे दी है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।