अनपरा। नगर स्थित तापीय परियोजना के आवासीय परिसर स्थित मिनिस्ट्रीयल क्लब में बुधवार की रात में श्रीश्याम भक्त मंडल की ओर से फाल्गुनोत्सव का आयोजन किया गया। गायक कलाकारों ने श्याम बाबा के एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर भक्तों को झूमने पर विवश कर दिया। इस दौरान जयकारों से पूरा पंडाल श्याममय हो गया।
महोत्सव की शुरूआत श्री खाटू श्याम के विधि-विधान से पूजन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। पंडाल में बाबा का भव्य दरबार सजाया गया और अखंड ज्योत जलाई गई। छप्पन भोग लगाए गए। तत्पश्चात जयपुर से आयुष सोमानी, सोनभद्र से संजीव शर्मा और रेणुकूट से कृष्णा शर्मा ने बाबा के एक से बढ़कर एक भजन गाए। दिलदार कन्हैया ने मुझको अपनाया है, सुन सुन सी खाटू वाला, हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा, राम सिया राम के भजनों से पूरा पंडाल भक्तिमय कर दिया। इस दौरान भजनों पर भक्त तालियों के साथ झूमते रहे और श्रीखाटू श्याम के जयकारे लगाते रहे। देर रात तक अनपरा व आसपास के लोग बाबा के दरबार में दर्शन के लिए पहुंचते रहे। श्रीश्याम भक्त मंडल के सदस्य गायक एवं पंडाल में झूमते भक्तों पर फूलों की वर्षा करते रहे। श्री श्याम भक्त मंडल की ओर से श्याम रसोई भी चलाई गई, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में रेणुसागर, रेणुकूट, रेणुकूट, विंढमगंज, ओबरा, चोपन, राबर्टसगंज, सिंगरौली और बैढ़न के श्री श्याम परिवार सहित अन्य भक्त भी शामिल रहे।