सोनभद्र। जिला कारागार में 11 फरवरी को इब्राहिम (30) पुत्र अली हुसैन के फांसी लगाने और उपचार के दौरान जिला अस्पताल में मौत के मामले की मजिस्ट्रियल जांच शुरू हो गई है। डीएम अभिषेक कुमार ने मामले की जांच के लिए डिप्टी कलेक्टर मुख्यालय सुशील कुमार यादव को मजिस्ट्रेट नामित किया है। उन्होंने युवक की मृत्यु के प्रत्येक पहलुओं की सघनता से जांच करते हुए अपनी तथ्यात्मक एवं मजिस्ट्रियल जांच आख्या एक पक्ष में प्रस्तुत करने का निर्देश डिप्टी कलेक्टर को दिया है।
डीएम अभिषेक कुमार ने बताया कि अधीक्षक, जिला कारागार की 12 फरवरी को प्राप्त आख्या के अनुसार 11 फरवरी की शाम को कारागार लॉकिंग के दौरान बैरक को बंद कराया जा रहा था। जिला कारागार में निरुद्ध विचाराधीन बंदी छोटू उर्फ इब्राहिम पुत्र अली हुसैन निवासी ग्राम-बनौरा, थाना पन्नूगंज हाल पता डाला थाना-चोपन ने बैरक के पीछे पेड़ पर चढ़ कर आत्महत्या का असफल प्रयास किया। तत्काल उसे उतारा गया। जिला कारागार सोनभद्र चिकित्सक विहीन है। मौके पर उपस्थित फार्मासिस्ट योगेंद्र कुमार भाष्कर तत्काल उसे आक्सीजन सिलिंडर लगाकर लोढ़ी जिला अस्पताल ले गए, जहां आकस्मिक चिकित्सक ने बंदी का इलाज किया। इलाज के दौरान डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। डीएम ने बताया कि जेल अधीक्षक की आख्या के आधार पर मामले की मजिस्ट्रियल जांच कराई जा रही है। इसके लिए सुशील कुमार यादव, उप जिलाधिकारी, मुख्यालय को जांच मजिस्ट्रेट नामित किया गया है।