दुद्धी। दुद्धी को जिला बनाने की मांग को लेकर जिला बनाओ संघर्ष मोर्चा के कार्यकर्ताओं व अधिवक्ता शनिवार को जुलूस निकालकर तहसील पहुंचे और वहां नारेबाजी की। प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित मांगपत्र एसडीएम रमेश कुमार को दिया। प्रदर्शन का नेतृत्व नगर पंचायत अध्यक्ष राजकुमार अग्रहरि ने किया। संघर्ष मोर्चा का जुलूस टाउन क्लब मैदान से निकला जो पैदल चल कर बस स्टेशन पहुंचा। तहसील तिराहे से होते हुए संकट मोचन मंदिर तिराहे पर पहुंचा वहां पर जमकर नारेबाजी कर प्रदेश सरकार से दुद्धी को जिला बनाने की मांग की। उसके बाद जुलूस का हुजूम तहसील परिसर पहुंचा। वहां पहुंचकर नारेबाजी कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। एसडीएम ने संघर्ष समिति के लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों की प्रति जिलाधिकारी के जरिए मुख्यमंत्री तक भेजी जाएगी।
इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि ओबरा को तहसील बनाए जाने के बाद प्रस्तावित जिला दुद्धी सभी मानकों को पूरा कर रहा है। दुद्धी की जनसंख्या, राजस्व ग्राम, न्याय पंचायत आदि सभी जिला बनाने के मानक को पूरा कर रहा है। शासन स्तर पर रिपोर्ट मांगने पर सकारात्मक रिपोर्ट भेजा गया है। विगत विधान सभा चुनाव में प्रदेश व केंद्र के मंत्रियों व नेताओं ने दुद्धी को जिला बनाने का वादा किया है और क्षेत्रीय विधायक भी इसी मुद्दे पर चुनाव जीते हैं। दुद्धी को जिला बनाया जाना आवश्यक है। प्रदर्शन में नगर पंचायत अध्यक्ष एवं संघर्ष समिति के अध्यक्ष राजकुमार अग्रहरि, प्रभु सिंह कुशवाहा, रामपाल जौहरी, प्रेमचंद्र यादव, कुलभूषण पांडेय, कैलाश कुमार सिंह, संतोष कुमार, आशीष गुप्ता, अमरावती देवी, शिव शंकर, राकेश श्रीवास्तव, विष्णु तिवारी समेत अन्य मौजूद रहे।