रामगढ़। रामपुर बरकोनिया थानाक्षेत्र के कोदई टोला बोदरहवा गांव निवासी पंचमदेव गोंड (20) का शव रविवार को सुबह घर से करीब तीन किमी दूर जिगरिया जंगल में पेड़ से गमछे के सहारे फंदे पर लटकता मिला। परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पंचमदेव शनिवार की देर शाम घर से निकला था। रात तक वापस न लौटने पर परिजन उसकी तलाश में जुट गए। रविवार सुबह करीब 10 बजे ग्राम प्रधान बैजनाथ के प्रतिनिधि कालिका प्रसाद ने पुलिस को सूचना दी कि गड़वान गांव के जिगरिया जंगल में पहाड़ी पर एक युवक का शव पेड़ से लटक रहा है।
मौके पर पहुंची रामपुर बरकोनिया थाने की पुलिस ने शव को उतारा तो उसकी पहचान पंचमदेव गोंड के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों और फॉरेंसिक टीम को सूचना देने के बाद पंचनामा की कार्रवाई कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पंचमदेव चार बहनों और तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। वह घर पर ही रहता था, जबकि उसके पिता खेती-बाड़ी करते हैं। युवक की मौत की जानकारी मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। इस संबंध में रामपुर बरकोनिया थानाध्यक्ष राम सिंहासन शर्मा ने बताया कि अब तक इस मामले में कोई प्रार्थना पत्र नहीं मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।