म्योरपुर। सीएमओ डॉ. आरएस ठाकुर ने शनिवार को म्योरपुर सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान 50 बेड के मातृत्व चिकित्सालय में भर्ती महिलाओं को भोजन न मिलने पर नाराजगी जताई।
सीएमओ ने मातृत्व चिकित्सालय में डिलीवरी के बाद भर्ती मीना निवासी किलबिल, अंजू निवासी कुड़पान, सीमा निवासी सतबहनी से भोजन मिलने संबंधी जानकारी ली। इस पर सभी भर्ती मरीजों ने एक स्वर में भोजन न मिलने की बात कही। अधीक्षक डॉ. राजीव रंजन ने बताया कि संबंधित ठेकेदार यहां भोजन नहीं दे रहा। सीएमओ ने ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया। इससे पूर्व उन्होंने शीत शृंखला कक्ष का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने टीकों के रखरखाव का हाल जाना। वार्ड में भर्ती मरीजों की सुविधाओं का भी हाल जाना। भर्ती मरीजों से मिलने वाली दवाओं और सुविधाओं बाबत जानकारी ली। एचआरपी के तहत लगाए गए शिविर में महिलाओं की जांच कर आवश्यक दवाएं देने का निर्देश दिया। शिविर में डॉ. विभा से भी महिलाओं की स्थिति के बारे में जानकारी ली। चिकित्सालय के निरीक्षण के बाद उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर भी देखा। अनुपस्थित मिले नीरज कुमार और एचआरपी पवन कुमार सोनकर व कनिष्ठ सहायक आनंद शुक्ला से स्पष्टीकरण मांगा। सीएचसी में तैनात कनिष्ठ सहायक आनंद शुक्ला के न आने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। कहा कि कनिष्ठ सहायक का नाम हाजिर रजिस्टर में होना चाहिए। ऐसे में अधीक्षक डॉ. राजीव रंजन ने बताया कि वह जिला मुख्यालय पर ही हाजिरी लगाते हैं, तब सीएमओ ने कहा कि इस तरह का कोई आदेश नहीं है कि सीएचसी पर तैनात बाबू जिला मुख्यालय पर हाजिरी लगाए। कहा कि बाबू को यहां हाजिरी लगानी पड़ेगी। निरीक्षण के दौरान एसीएमओ रामकुंवर, अधीक्षक डॉ. राजीव रंजन, उमाशंकर पांडेय, वीरेंद्र कुमार, त्रिभुवन आदि मौजूद रहे।