सोनभद्र/रेणुसागर। रंगभरी एकादशी के साथ ही जिले में होली का उल्लास छाने लगा है। शुक्रवार की देर रात तक जिले के विभिन्न मंदिरों में फागुन उत्सव मनाया गया। भक्तों ने महादेव के साथ होली खेली। अबीर-गुलाल लगाकर भजन-कीर्तन किया। इस दौरान मंदिरों में बाबा का शृंगार भी हुआ।
रॉबर्ट्सगंज के उत्तर मोहाल स्थित दुग्धेश्वर महादेव मंदिर में रंगभरी एकादशी पर देर शाम भजन संध्या का आयोजन किया गया। मंदिर में स्थापित शिव परिवार की मूर्ति का भव्य शृंगार किया गया। इसके बाद महिलाओं ने होली से संबंधित लोकगीत गाए, जिसे सुनकर उपस्थित श्रद्धालु झूमने लगे। भजन संध्या के समापन पर महिलाओं ने एक-दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर रंगभरी एकादशी की बधाई दी। गोविंद केसरी की ओर से शिव परिवार की आरती की गई। इस अवसर पर प्रतिभा केसरवानी, पिंकी, निधि, सोना, मुनमुन अनु आदि उपस्थित रहे।
श्रीरामजानकी संकट मोचन मंदिर में शनिवार को रंगभरी एकादशी पर भव्य शृंगार व आरती की गई। पुजारी राजकुमार पांडेय के निर्देशन में कार्यक्रम भव्य तरीके से मनाया गया। उधर, रेणुसागर क्षेत्र में फाग गायन के साथ होली की शुरुआत हुई।