यूपी: पानीपत से घर लौट रहे युवक की मौत, होटल के पास मिट्टी से सनी मिली लाश; पिता बोले- बेटे की हत्या हुई
हरियाणा के पानीपत से घर लौट रहे सीतापुर निवासी बीस वर्षीय परवेज अहमद का शव लखीमपुर खीरी में दिल्ली-लखनऊ हाईवे किनारे मिला। पिता ने हत्या की आशंका जताई है। युवक का मोबाइल और बैग गायब हैं। पुलिस लूटपाट और मौत के कारणों की जांच कर रही है।
विस्तार
हरियाणा के पानीपत से निजी बस में सवार होकर घर लौट रहे 20 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में लखीमपुर खीरी जिले के मैगलगंज थाना क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे मिला। युवक का शव बाबा होटल के पास मिट्टी से सना हुआ पड़ा था। हाईवे एंबुलेंस की मदद से उसे सीतापुर जिले के महोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान सीतापुर जिले के खैराबाद थाना क्षेत्र के तुर्कपट्टी निवासी परवेज अहमद (20) पुत्र शकील अहमद के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, परवेज हरियाणा के पानीपत स्थित एक फैक्ट्री में सिलाई का काम करता था। घर में भतीजे की शादी होने के चलते वह पानीपत की पीपल मंडी से निजी बस में सवार होकर अपने घर लौट रहा था।
परिवार में कोहराम मच गया
मृतक के पिता शकील अहमद ने बताया कि उन्हें भोर पहर पुलिस के माध्यम से बेटे की मौत की सूचना मिली। जानकारी मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। पिता का आरोप है कि उनके बेटे की हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि परवेज के पास करीब 12 हजार रुपये कीमत का नया मोबाइल फोन था, वहीं उसका बैग भी गायब है।
परिजनों को आशंका है कि रास्ते में युवक के साथ लूटपाट या छिनैती की वारदात को अंजाम देने के बाद उसकी हत्या कर शव हाईवे किनारे फेंक दिया गया। हालांकि, हत्या और लूट की आशंका की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद मैगलगंज, महोली की पुलिस मामले की जांच में जुटी है। युवक पानीपत से किस बस में सवार हुआ था और रास्ते में उसके साथ क्या घटना हुई, यह जांच का विषय है। पुलिस जांच के बाद ही मौत के कारणों और घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
