फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Sitapur News ›   Unfit school vehicles should not be seen on the roads: Principal Secretary

सड़कों पर न दिखें अनफिट स्कूली वाहन : प्रमुख सचिव

Sat, 09 Mar 2024 12:00 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सीतापुर
संवाद न्यूज एजेंसी, सीतापुर Updated Sat, 09 Mar 2024 12:00 AM IST
विज्ञापन
Unfit school vehicles should not be seen on the roads: Principal Secretary
सीतापुर। ... जिले में अनफिट स्कूली वाहनों पर क्या कार्रवाई हो रही है। प्रमुख सचिव एल वेंकटेश्वर लू ने परिवहन विभाग के अफसराें से यह सवाल किया तो सभी बंगले झांकने लगे। जवाब से असंतुष्ट प्रमुख सचिव ने जिम्मेदारों की क्लास लगाई। उन्होंने कहा कि किसी भी हालत में अनफिट स्कूली वाहन सड़क पर नहीं चलने चाहिए। वह शुक्रवार को नैमिषारण्य में सड़क सुरक्षा संबंधी कार्याें की समीक्षा कर रहे थे।
विज्ञापन

प्रमुख सचिव ने अधिकारियों से पूछा कि अनफिट स्कूली वाहनों पर क्या कार्रवाई हो रही है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी माला बाजपेई ने बताया कि जब बच्चे अनफिट गाड़ी में होते हैं तो गाड़ी पकड़ने से बच्चों का स्कूल छूट जाता है, यह एक चुनौती है। इस पर प्रमुख सचिव परिवहन ने नाराजगी व्यक्त की। उन्हाेंने कहा कि बच्चों का जीवन प्राथमिकता है। उन्हाेंने कहा कि किसी भी हाल में अनफिट गाड़ियां किसी भी स्कूल में नही चलेंगी। ऐसी सभी गाड़ियों पर कड़ी कार्रवाई करें व बच्चों का जीवन संरक्षित करें। कोई भी अभिभावक यदि अपनी गाड़ी नाबालिग बच्चों को चलाने के लिए देते हैं तो उन अभिभावकों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाए।
विज्ञापन

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि वाहन चालक सीधे अभिभावकों से संपर्क कर अनफिट वाहनों का प्रयोग करते हैं। इस पर अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करेंगे। बैठक में अपर जिलाधिकारी नीतीश कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी डाॅ. प्रवीन रंजन सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. हरपाल सिंह, उपजिलाधिकारी मिश्रिख पंकज सक्सेना, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी माला बाजपेयी व अन्य मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन


डीआईओएस ने दिया मास्टर ट्रेनर तैयार करने का सुझाव
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र सिंह ने कहा कि हम लोग बहुत दिनों से सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चला रहे हैं लेकिन रिजल्ट बहुत अच्छे नहीं आ रहे हैं। यदि हमारे शिक्षकों को सड़क सुरक्षा से संबंधित प्रशिक्षण मिल जाए और कुछ एक्टिविटी कराई जाए तो अच्छे परिणाम आएंगे। जिस तरह योग को आम जीवन शैली में जोड़ा गया है, ऐसे ही हेलमेट को आम जीवन से जोड़ने पर काम हो। इस जागरूकता को बच्चों के अभिभावकों से भी जोड़ दिया जाए, तभी हम इस मुहिम में सफलता पाएंगे। हेलमेट लेकर चलने का फैशन न बने, इस पर रणनीतिक काम किया जाए। पुलिस कर्मी भी खुद हेलमेट लगाएं और बिना हेलमेट के किसी को भी न छोड़ें। रोड सेफ्टी क्लब की तरह विद्यालयों में भी ऐसे क्लब बनाए जाएं। जिला विद्यालय निरीक्षक के सुझाव पर प्रमुख सचिव ने सड़क सुरक्षा से संबंधित मास्टर ट्रेनर तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह मास्टर ट्रेनर रोड सेफ्टी से संबंधित जागरूकता को ज्यादा सफल बनाएंगे।

सर...पीएचसी-सीएचसी पर नहीं हैं आवश्यक उपकरण, मार्गदर्शन करें
समीक्षा के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. हरपाल सिंह ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर दुर्घटनाग्रस्त को उपचार व सहायता के लिए त्वरित रिस्पांस टीम सक्रिय रहती है। उन्हाेंने बताया कि सीएचसी व पीएचसी पर अभी आवश्यक उपकरण उपलब्ध नहीं हैं। इसके लिए शासन से पत्राचार किया जा रहा है। प्रमुख सचिव ने निर्देश दिया कि नैमिषारण्य आने वाले आगंतुक व पर्यटक यहां आएं तो उन्हें तीर्थों तक पहुंचने में कोई दिक्कत न हो, वो जब भी वापस जाएं तो नैमिषारण्य तीर्थ नगरी के प्रति एक अच्छी छवि लेकर जाएं।

डीएसओ बोले- ओवरलोड ट्राॅलियां बन रहीं दुर्घटना का सबब
जिला पूर्ति अधिकारी अखिलेश श्रीवास्तव ने बताया कि हमने पेट्रोल पंपों पर बैनर लगवाए हैं कि बिना हेलमेट लगाकर पेट्रोल भरवाने आए किसी भी दोपहिया वाहन चालक को पेट्रोल न दिया जाए। इस जागरूकता से घटनाएं कम हुईं हैं। वहीं गांवों में राशन ट्रैक्टर-ट्राॅली से ले जाया जाता है, जिसकी न फिटनेस होती है और न प्रशिक्षित चालक ही होता है। ओवरलोड सामान लादने से ट्रैक्टर ट्राॅली से अधिक दुर्घटना हो रही हैं। प्रमुख सचिव ने निर्देश दिए कि कोई भी ट्रैक्टर-ट्रॉली ओवरलोड न मिले।

साइनेज को लेकर पूछा सवाल, कहा- इफेक्टिव बोर्ड लगाएं
प्रमुख सचिव ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अशोक कुमार वर्मा से पूछा कि साइनेज बोर्ड में क्या काम किया है। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण अशोक वर्मा ने बताया कि जहां-जहां आवश्यकता है, वहां बोर्ड स्थापित किए हैं। इस पर प्रमुख सचिव ने क्षेत्राधिकारी मिश्रिख से पूछा कि क्या इफेक्टिव साइनेज बोर्ड लग गए हैं। उन्होंने बताया कि अभी इतने इफेक्टिव साइनेज बोर्ड नहीं लगे हैं कि समस्या का समाधान हो सके। वहीं, अवैध कट बंद कराने के निर्देश दिये। इस दौरान टोल प्लाजा से संबंधित अधिकारी की अनुपस्थिति पर उन्होंने नाराजगी जताई।

खराब सड़क का उठा मुद्दा
क्षेत्राधिकारी मिश्रिख ने बताया कि क्षेत्र में बस तो चलती हैं पर सड़क खराब होने से चुनौतियां हैं। सड़क ठीक की जाए और पार्किंग की व्यवस्था हो। नैमिषारण्य की पतली गलियों को चौड़ा किया जाए अयोध्या विकास के बाद से नैमिषारण्य में पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। प्रमुख सचिव महोदय ने संबंधित को निर्देश दिए कि नैमिषारण्य की हर एक समस्या को चिन्हित कर मानकयुक्त नियमानुसार निस्तारण करें।


जागरूकता वैन को दिखाई हरी झंडी
प्रमुख सचिव ने यातायात जागरूकता की एलईडी वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वैन शहरी व ग्रामीण इलाकों में लोगों को सड़क सुरक्षा के नियमों के प्रति जागरूक करेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed