Sitapur News : किसान की गला रेतकर हत्या, ससुर और साले के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज
सीतापुर जिले में रेउसा थाना क्षेत्र अंतर्गत खरौआं गांव में धारदार हथियार से किसान की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मकान के बाहर पड़े छप्पर के नीचे तखत पर गुरुवार सुबह उसका शव पड़ा मिला।
विस्तार
सीतापुर जिले में रेउसा थाना क्षेत्र अंतर्गत खरौआं गांव में धारदार हथियार से किसान की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मकान के बाहर पड़े छप्पर के नीचे तखत पर गुरुवार सुबह उसका शव पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के रिश्तेदार की तहरीर पर साले और ससुर के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
खरौआं निवासी मुंंशीलाल (30) खेती करता था। उसके माता पिता का निधन हो चुका है और वह अपने माता पिता की इकलौती संतान था। मुंशीलाल का विवाह चार वर्ष पहले महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के लखनीपुर निवासी मोहिनी के साथ हुआ था। उसके बच्चे नहीं थे। बीते रविवार को आपसी विवाद के बाद पत्नी मोहिनी अपने मायके चली गई थी। तब से मुंशीलाल अकेला ही रह रहा था। गुरुवार सुबह जब ग्रामीण गांव में निकले, तो मुंशीलाल का शव उसके मकान के बाहर पड़े छप्पर के नीचे तखत पर पड़ा मिला। धारदार हथियार से उसका गला रेता दिया गया था और हाथ में भी चोट के निशान थे।
ग्रामीणों से जानकारी मिलने पर प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मुंशीलाल के पारिवारिक चाचा राम मनोहर ने मुंशीलाल के ससुर रामचंद्र और साले सुमित के खिलाफ विदा कराने की जिद पर हत्या कर देने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।