चौका नदी में डूबे दो युवक
थानगांव निवासी रमेश (30) पुत्र नीलकंठ सदरपुर इलाके के राजापुर गांव निवासी श्रीकेशन के यहां मेहमानी में गया था। बुधवार दोपहर रमेश व राजेंद्र (35) पुत्र श्रीकेशन गांव से करीब एक किलोमीटर दूर थानगांव में चौका नदी किनारे मवेशी चराने गए थे।
बताते हैं कि रमेश व राजेंद्र नदी में भैंस को नहलाने के लिए उतर गए। देर शाम भैंस तो घर पहुंच गई, लेकिन रमेश व राजेंद्र नहीं पहुंचे। इस पर परिवार के लोगों ने दोनों की तलाश शुरू कर दी।
काफी खोजबीन के बाद भी जब पता नहीं चला तो ग्रामीण चौका नदी की ओर ढूंढते हुए पहुंचे। ग्रामीणों की मानें तो नदी के किनारे दोनों के कपड़े रखे थे। इस पर लोगों ने नदी में खोजबीन शुरू कर दी।
कुछ देर बाद राजेंद्र का शव उतराता मिला। कुछ देर बाद रमेश का शव नदी में उतराता मिला। जिसके बाद परिवारीजनों ने रमेश के घरवालों के साथ पुलिस को सूचना दी।
घटनास्थल थानगांव में होने के नाते मौके पर थानगांव व सदरपुर पुलिस पहुंची। सदरपुर पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।