मामूली बात पर कक्षा चार के छात्र को पीटा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दो छात्रों में स्टूल उठाने की बात को लेकर हो रही नोकझोंक से नाराज शिक्षिका ने कक्षा-4 के एक छात्र की जमकर पिटाई कर दी। टीचर की पिटाई से मासूम काफी चोटिल हो गया। मामला केंद्रीय विद्यालय से जुड़ा है। पीड़ित छात्र के अभिभावकों ने विद्यालय के प्राचार्य समेत एडीएम से मामले की शिकायत की है। एडीएम ने जांच के आदेश दिए है। प्राचार्य ने भी आरोपी शिक्षिका के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए अधिकारियों को पत्र भेजा है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के अंबिका पुरम नैपालापुर निवासी दिलीप कुमार का पुत्र प्रीत सिंह (9) केंद्रीय विद्यालय में कक्षा 4 का छात्र है। शुक्रवार को स्टूल उठाने की बात को लेकर प्रीत सिंह की अपने सहपाठी छात्र से नोकझोंक हो रही थी। यह देख क्लास में मौजूद शिक्षिका चांदनी सिंह भड़क गईं। शिक्षिका ने छात्र की पिटाई शुरू कर दी। भरी क्लास में सहपाठी की पिटाई देख अन्य छात्र-छात्राएं सहम गईं। छात्र के चिल्लाने की आवाज सुनकर विद्यालय का अन्य स्टाफ वहां पहुंचा और हस्तक्षेप कर छात्र को बचाया लेकिन तब तक छात्र बुरी तरह से जख्मी हो चुका था। पिटाई के बीच गिर जाने से उसके चेहरे पर गंभीर चोटें आईं हैं। घायल छात्र जब घर पहुंचा, तो परिवार के सदस्य उसकी हालत देख सन्न रह गए। पूरी बात सुनकर परिवारीजनों ने शिकायती पत्र विद्यालय के प्राचार्य को सौंपा। शनिवार को पीड़ित परिवार एडीएम सर्वेश कुमार के सामने पेश हुआ और शिक्षिका चांदनी सिंह के खिलाफ प्रार्थना पत्र दिया। एडीएम ने सिटी मजिस्ट्रेट को मामले की जांच सौंपी है। उधर, कॉलेज के स्टाफ की माने तो चांदनी अक्सर ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रही हैं। पीड़ित परिवार इस घटना के संबंध में चांदनी सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग कर रहा है। विद्यालय के प्रबंध तंत्र व एडीएम ने पीड़ित परिवार को कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
केंद्रीय विद्यालय में एक छात्र को बेरहमी से पीटे जाने की शिकायत मिली है। जांच के आदेश दिए गए हैं। शिकायत सही पाए जाने पर दोषी शिक्षिका के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सर्वेश कुमार, एडीएम
विद्यालय में कक्षा 4 के छात्र प्रीत सिंह को शिक्षिका चांदनी सिंह द्वारा पीटे जाने की शिकायत मिली है। इस मामले में शिक्षिका के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए विभागीय अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई है।
सुनील कुमार, प्राचार्य, केंद्रीय विद्यालय