सियासत गरमाई: योगी पर खूब गरजे अखिलेश-जयंत, मुख्यमंत्री के खिलाफ चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग, जानें आखिर क्यों...
बुधवार को शामली पहुंचे अखिलेश यादव और चौधरी जयंत ने मुख्यमंत्री योगी पर जमकर हमला बोला। इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव आयोग को सीएम के बयान का संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी चाहिए।
विस्तार
समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि योगी को मुख्यमंत्री बनाकर भाजपा भी परेशान है कि गलती कर दी। उन्हें मनपसंद सीट से टिकट नहीं दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री बेदल हैं और प्रधानमंत्री ने उन्हें पैदल कर दिया है। उन्हें वापस गोरखपुर भेज दिया गया है।
पत्रकार वार्ता के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा को अहसास हो गया कि इस चुनाव में उन्हें कुछ नहीं मिल रहा है। इसलिए इनके तोते उड़े हुए हैं। सपा के शासन में जितना काम हुआ है, उतना पहले कभी नहीं हुआ है। जो बिजली अब जनता को मिल रही है, वह सपा सरकार की देन है। भाजपा ने गंगा एक्सप्रेसवे शुरू कर दिया है, लेकिन इसे पूरा हम ही करेंगे। कैराना से लखनऊ के बीच की दूरी कम करने के लिए एक्सप्रेसवे बनाया जाएगा। अखिलेश यादव ने कहा कि इस समय जगह-जगह तमंचा फैक्टरी पकड़ी जा रही हैं। अवैध शराब का कारोबार जोरशोर से चल रहा है। रायबरेली में कई लोगों की मौत अवैध शराब पीने से हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि ये अवैध कारोबार भाजपा के लोग ही कर रहे हैं।
उत्तराखंड के 1000 गांवों से हुआ पलायन
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा कैराना से पलायन का मुद्दा उछाल रही है। जबकि उत्तराखंड के 1000 गांव पूरी तरह खाली हो गए हैं। लोग वहां से पलायन कर जा चुके हैं। इसका कारण जानने के लिए भाजपा ने आयोग भी बनाया था। भाजपा वहां के पलायन पर खामोश क्यों है।
यह भी पढ़ें: यूपी: चुनाव में भाजपा को सबक सिखाने की अपील, सोशल मीडिया पर खूब भड़ास निकाल रहे जाट, चौधरी चरण सिंह से जुड़ा है मामला
सीएम के बयान का संज्ञान लेकर कार्रवाई करे चुनाव आयोग
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कैराना और मुजफ्फरनगर में गर्मी बढ़ने वाले बयान पर अखिलेश यादव ने कहा कि इस सरकार में बिजली के बिल बेतहाशा बढ़ गए हैं, इसलिए गर्मी बढ़ी है। मुख्यमंत्री की भाषा पर चुनाव आयोग को संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी चाहिए। हम लोगों की रगो में गर्म खून बहता है, खून ठंडा हो गया तो आदमी बचेगा नहीं। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पर गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। हमारी सरकार बनने पर हम सीएम पर दर्ज मुकदमों की जांच कराएंगे।
यह भी पढ़ें: रोचक किस्सा: ...जब चौधरी चरण सिंह ने शराब कारोबारी से चंदा लेने से कर दिया था इंकार, पढ़िए पूरी रिपोर्ट
किसानों-नौजवानों पर पड़ रही डबल इंजन सरकार की मार: जयंत
जयंत चौधरी ने कहा कि बजट को लेकर कहा कि सरकार ने किसान और रोजगार सृजन के मुद्दे पर कुछ नहीं किया। मनरेगा योजना जो कोरोना के समय पलायन कर लौटने वाले गरीब मजदूरों के लिए संजीवनी साबित हुई थी, उसका बजट सरकार ने एक लाख 11 हजार करोड़ से घटाकर 73 हजार करोड़ कर दिया। काम के दिन भी घटा दिए, अब 100 में से 44 दिन ही रोजगार दिया जा रहा है। इसके अलावा किसानों से जुड़ी अन्य योजनाओं के बजट में भी कमी की गई है। किसानों और नौजवानों पर डबल इंजन सरकार की मार पड़ रही है।