किशोर की हत्या का खुलासा: मामा-मामी ने भांजे को उतारा था मौत के घाट, यमुना में बाह दिया था शव, एक गिरफ्तार
Shamli News : मामा और मामी ने चोरी के शक में अपने भांजे को मौत के घाट उतार दिया था। हत्या के बाद उसका शव यमुना में बाह दिया था। अब पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा किया है।
विस्तार
शामली के कैराना में ट्रक ड्राइवरी सीखने मामा के घर आए किशोर पर 13 हजार रुपये चोरी करने के शक में दो मामाओं, मामी व मामा के साले ने किशोर की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी और शव को यमुना में बहा दिया। पुलिस ने मामले में आरोपी मामा को गिरफ्तार करके चालान कर दिया।
31 अगस्त को थाना गढ़ीपुख्ता के गांव भैसवाल निवासी हारुन ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था कि तीन माह पहले उसका 16 वर्षीय बेटा अब्दुल्लाह कैराना के इस्लाम नगर में अपने मामा आबिद के घर पर ट्रक ड्राइवरी सीखने के लिए आया था, लेकिन उसके बाद से उसका कोई पता नही चला। पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज करने के बाद गहनता से जांच की।
इस दौरान आबिद से पूछताछ की तो उसने बताया कि तीन माह पहले वह अपने भाइयों आरिफ व एहसान और पत्नी साइना के साथ भैंसवाल गये थे। वहां उसके बहनोई ने अपने बेटे अब्दुल्लाह को उनके साथ ट्रक ड्राइविंग सीखने के लिए भेज दिया था।
एक दिन अब्दुल्ला ने गाड़ी केंटर में रखे 13 हजार रुपये चोरी कर लिए, जिसके बाद उसने अपने भाई आरिफ, साले एहसान व पत्नी साइना के साथ मिलकर अब्दुल्लाह की लाठी-डंड़ों से पिटाई कर दी। रात में अब्दुल्लाह की मौत होने पर कई दिन तक शव को अपने मकान के ऊपरी कमरे में छिपा कर रखा। लेकिन बाद में डर के चलते अब्दुल्लाह के शव को यमुना में बहा दिया।
यह भी पढ़ें: ताबड़तोड़ हत्याएं: सिर-हाथ काटकर नाले में फेंकी लाश तो कहीं जमीन में गाड़ा शव, LLB के छात्र का भी मर्डर, दहशत
कोतवाली प्रभारी विपिन कुमार मौर्य ने बताया कि अपहरण व हत्या के आरोप में आबिद निवासी इस्लाम नगर को गिरफ्तार करके चालान कर दिया। फरार चल रहे आरोपी आरिफ, एहसान व साइना की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: Meerut: 350 करोड़ से रफ्तार भरेगी रैपिड, आरआरटीएस कॉरिडोर जारी की गई धनराशि