UP: करनाल में अनियंत्रित होकर पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, शामली निवासी दो भाइयों समेत तीन की मौत
हरियाणा के करनाल में बुधवार सुबह सड़क पर बने गड्ढे में ट्रैक्टर का पहिया उतरने से ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबकर शामली के सोहजनी उमरपुर गांव निवासी दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हैं।
विस्तार
हरियाणा के करनाल क्षेत्र में बुधवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। काछवा से बहलोलपुर की ओर ट्रैक्टर-ट्रॉली से तूड़ी लेने जा रहे पांच लोग बहलोलपुर रोड पर हादसे का शिकार हो गए। हादसा सुबह करीब सात बजे रजबहे की पुलिया के पास हुआ।
बताया गया कि सड़क पर बने गड्ढे में ट्रैक्टर का पहिया उतर गया। इससे ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से नीचे उतरकर खेत में पलट गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटते ही उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।
यह भी पढ़ें: UP: अगस्त में दिसंबर जैसा कोहरा, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर रेंगते दिखे वाहन, ग्रामीणों ने ओढ़े शॉल
ट्रैक्टर के नीचे दबने से तीन की मौत
हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। मृतकों की पहचान अबरार पुत्र गुलजार, खालिद पुत्र गुलजार और फजरु पुत्र मामू के रूप में हुई है। अबरार और खालिद सगे भाई थे।
तीनों मृतक शामली के सोहजनी उमरपुर गांव के रहने वाले थे। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय स्तर पर राहत-बचाव की कार्रवाई शुरू की गई।
घायलों को परिजन अपने क्षेत्र में लाए
हादसे में घायल दोनों लोगों को परिजन करनाल से रेफर कराकर अपने क्षेत्र में ले आए हैं। उनका उपचार कराया जा रहा है। हादसे में तीन लोगों की मौत की खबर से सोहजनी उमरपुर गांव में मातम छा गया।
परिजन करनाल रवाना, घरों में मचा कोहराम
मृतक के चचेरे भाई नसीम ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग करनाल के लिए रवाना हो गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि पांचों लोग हर रोज करनाल में तूड़ी लेने के लिए जाते थे। बुधवार को भी वे रोज की तरह ट्रैक्टर-ट्रॉली से तूड़ी लेने निकले थे, लेकिन रास्ते में हादसा हो गया।