शामली में अपराधी बेखौफ: कुड़ाना में चोरों का आतंक, एक रात में 15 ट्यूबवेलों के ताले तोड़कर सामान चोरी
शामली के कुड़ाना गांव में चोरों ने एक रात में करीब 15 ट्यूबवेलों के ताले तोड़कर सामान चोरी कर लिया। सरकारी ट्यूबवेल को भी निशाना बनाया गया।
विस्तार
शामली के कुड़ाना गांव में चोरों ने एक ही रात में करीब 15 ट्यूबवेलों को निशाना बनाकर किसानों की चिंता बढ़ा दी। चोर ताले तोड़कर ट्यूबवेलों में रखा सामान चोरी कर ले गए। वारदात में सरकारी ट्यूबवेल भी शामिल है। बृहस्पतिवार सुबह खेतों पर पहुंचे किसानों ने ताले टूटे और सामान गायब देखा तो गांव में हड़कंप मच गया।
रात के अंधेरे में ट्यूबवेलों पर धावा, ताले तोड़कर ले गए सामान
कोतवाली क्षेत्र के कुड़ाना गांव में बुधवार रात चोरों ने कई किसानों के ट्यूबवेलों को निशाना बनाया। चोरों ने धर्मेंद्र पुत्र जगबीर, प्रमोद, बलवीर, रूपेंद्र पुत्र राजबीर, अजय, चंदन, प्रवीण पुत्र बोरंग, विनय, कृपाल, जसबीर पुत्र महेंद्र, रविंद्र पुत्र कृपाल, भूरा पुत्र मांगे राम और सहीराम पुत्र चंद्रपाल समेत अन्य किसानों के ट्यूबवेलों के ताले तोड़ दिए।
चोर अंदर रखा सामान समेटकर ले गए। वारदात में एक सरकारी ट्यूबवेल भी शामिल है। एक ही रात में इतनी बड़ी संख्या में ट्यूबवेलों में चोरी की घटना से किसानों में नाराजगी है।
यह भी पढ़ें: हादसा: कार पर मौत बनकर पलटा कंटेनर, चार की मौत, चार दिन पहले ही दीपावली के लिए सजाया था घर, अब पसरा मातम
सुबह खेतों पर पहुंचे किसानों को हुई जानकारी
बृहस्पतिवार सुबह किसान अपने खेतों पर पहुंचे तो ट्यूबवेलों के ताले टूटे मिले। अंदर सामान गायब देखकर उन्होंने अन्य ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद गांव में चोरी की वारदात को लेकर चर्चा फैल गई। किसानों ने पुलिस को सूचना दी और चोरी हुए सामान के बारे में जानकारी दी।
पुलिस ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
सूचना मिलने पर जांच अधिकारी करतार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित किसानों से चोरी हुए सामान के बारे में जानकारी जुटाई। पुलिस आसपास के क्षेत्र में भी जांच कर रही है।
जल्द किया जाएगा घटना का खुलासा: एसपी
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कुड़ाना गांव में ट्यूबवेलों में चोरी की जानकारी मिली है। पुलिस टीम को मामले की गंभीरता से जांच कर जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए गए हैं। चोरी में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।