शामली: सीएचसी में बकरा लेकर पहुंचा युवक, बोला- डॉक्टर साहब मरीज को छोड़िए, पहले इसे एंटी स्नेक वेनम लगा दीजिए
शामली सीएचसी में एक युवक सांप के डसे बकरे को लेकर पहुंच गया। उसने चिकित्सक से मरीजों को छोड़कर पहले बकरे को एंटी स्नेक वेनम देने की गुहार लगाई। डॉक्टर ने पशु चिकित्सालय भेज दिया।
विस्तार
शामली में शुक्रवार को एक रोचक मामला सामने आया। शहर के सलेक विहार निवासी उजेफा सांप के डसे बकरे को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गया। युवक ने चिकित्सक से गुहार लगाई कि पहले उसके बकरे का इलाज कर दिया जाए और उसे एंटी स्नेक वेनम लगा दिया जाए। युवक की बात सुनकर चिकित्सक और कर्मचारी हैरान रह गए।
खेत में बकरे को सांप ने डसा
उजेफा ने बताया कि शुक्रवार को वह अपने बकरे को टपराना गांव स्थित खेत पर लेकर गया था। वहां पार्किंग में बकरे को सांप ने डस लिया। बकरे की हालत बिगड़ती देख वह उसे उपचार के लिए पशु चिकित्सालय लेकर पहुंचा।
उजेफा का कहना है कि वहां मौजूद कर्मचारियों ने उसे बताया कि सांप के डसने का टीका सीएचसी शामली में लगाया जाता है। इसके बाद वह बकरे को लेकर सीएचसी पहुंच गया।
डॉक्टर से बोला- मरीज को बाद में देख लेना
उजेफा बकरे को लेकर चिकित्सा अधीक्षक के कक्ष में पहुंच गया। उसने चिकित्सक से कहा कि उसके बकरे को सांप ने डस लिया है, इसलिए मरीजों को बाद में देख लिया जाए और पहले बकरे का इलाज किया जाए।
मामला सुनकर वहां मौजूद चिकित्सक और कर्मचारी दंग रह गए। चिकित्साधीक्षक डॉ. दीपक कुमार ने युवक को समझाया कि सीएचसी में इंसानों का इलाज होता है और पशुओं का उपचार पशु चिकित्सालय में किया जाता है।
समझाने पर बकरे को लेकर लौट गया युवक
उजेफा ने बताया कि उसे पशु चिकित्सालय के कर्मचारियों ने ही सीएचसी भेजा था। इसके बाद चिकित्साधीक्षक ने उसे बकरे के इलाज के लिए पशु चिकित्सालय जाने की सलाह दी। युवक इसके बाद बकरे को लेकर वहां से चला गया।
सीएचसी के चिकित्साधीक्षक डॉ. दीपक कुमार ने बताया कि युवक बकरे को लेकर आया था। उसने बताया कि बकरे को सांप ने डस लिया है और उसका उपचार करने का अनुरोध किया। उसे बकरे को पशु चिकित्सालय ले जाने की सलाह दी गई।