शामली: गन्ना भुगतान को लेकर भाकियू का धरना,कलक्ट्रेट में तीन घंटे प्रदर्शन; दी आंदोलन की चेतावनी
शामली में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भाकियू कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट में करीब तीन घंटे धरना दिया। थानाभवन गन्ना फैक्टरी के बकाया भुगतान समेत सड़क, आवारा पशु और उर्वरक की उपलब्धता से जुड़ी मांगें उठाईं। किसानों ने समस्याओं का जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
विस्तार
शामली में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने कलक्ट्रेट में धरना-प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी के नाम एडीएम को ज्ञापन सौंपा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष शांता प्रधान के नेतृत्व में किसानों ने गन्ना भुगतान समेत आमजन से जुड़ी समस्याओं का तत्काल समाधान कराने की मांग की।
गन्ना भुगतान जल्द कराने की मांग
भाकियू ने थानाभवन गन्ना फैक्टरी पर किसानों के बकाया गन्ना भुगतान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। यूनियन ने मांग की कि फैक्टरी चलने से पहले किसानों का बकाया भुगतान कराया जाए। वहीं, उपलब्ध जानकारी के अनुसार ऊन मिल पर 80 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान बकाया होने का मुद्दा भी उठाया गया। किसानों ने जल्द भुगतान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
यह भी पढ़ें: मेरठ सर्पदंश हत्याकांड: दोषियों को फांसी की मांग, सजा तय होने से पहले आचरण-आर्थिक-मानसिक स्थिति का होगा आकलन
बाईपास पर प्रकाश व्यवस्था और सड़क निर्माण
ज्ञापन में बघरा-नौहट्टी बाईपास चौराहे पर प्रकाश व्यवस्था कराने की मांग की गई। किसानों ने चौराहे के दोनों ओर सड़क निर्माण कराने की भी मांग उठाई, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
ओवरलोड और जुगाड़ वाहनों पर रोक की मांग
भाकियू ने शामली की सड़कों पर ओवरलोड वाहनों, बिना नंबर प्लेट के वाहनों और जुगाड़ वाहनों के संचालन पर रोक लगाने की मांग की। एआरटीओ की ओर से 10 से 15 वर्ष पुराने डीजल-पेट्रोल वाहनों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई पर भी यूनियन ने आपत्ति जताई और इसे रोकने की मांग की।
आवारा पशु और उर्वरक की समस्या उठाई
किसानों ने आवारा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने पशुओं को पकड़कर गोशाला भेजने की मांग की। सरकारी समितियों पर पर्याप्त मात्रा में समय से उर्वरक उपलब्ध कराने की भी मांग की गई। किसान नेता मास्टर जाहिद ने कहा कि किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान कराया जाना चाहिए।