शामली में हादसा: फेक्टरी में वेल्डिंग के दौरान तेल टैंकर में विस्फोट, दो कर्मचारी घायल; मेरठ किए गए रेफर
शामली की गुलशन केमिकल इंडस्ट्रीज फैक्टरी में छोटे तेल टैंकर पर वेल्डिंग के दौरान अचानक विस्फोट हो गया। हादसे में दो कर्मचारी घायल हुए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई गई और उसे मेरठ रेफर किया गया। एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और फैक्टरी के लाइसेंस समेत जरूरी दस्तावेज मांगे।
विस्तार
शामली-मुजफ्फरनगर रोड स्थित गुलशन केमिकल इंडस्ट्रीज फैक्टरी में गुरुवार सुबह छोटे तेल टैंकर पर वेल्डिंग के दौरान अचानक विस्फोट हो गया। हादसे में छुटमलपुर निवासी साजिद मिर्जा और कांधला निवासी संदीप शर्मा घायल हो गए। साजिद की हालत गंभीर होने पर उसे एंबुलेंस से मेरठ रेफर किया गया, जबकि संदीप का उपचार स्थानीय निजी क्लीनिक में कराया गया।
वेल्डिंग के दौरान अचानक हुआ विस्फोट
फैक्टरी मालिक मातेश जैन के अनुसार, सुबह करीब 9:30 बजे फैक्टरी परिसर में छोटे तेल टैंकर पर वेल्डिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान टैंकर में अचानक विस्फोट हो गया। हादसे में वहां काम कर रहे साजिद मिर्जा और संदीप शर्मा घायल हो गए।
यह भी पढ़ें: बागपत: परचून की दुकान में भीषण आग, दो सिलिंडर फटे; पांच साल की मासूम व महिला की मौत, कई अंदर फंसे
एक कर्मचारी मेरठ रेफर, दूसरे का स्थानीय उपचार
हादसे के बाद संदीप शर्मा को पास के निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया। वहीं साजिद मिर्जा की हालत गंभीर होने के कारण उसे एंबुलेंस से मेरठ रेफर किया गया। फैक्टरी मालिक का कहना है कि हादसा बड़ा नहीं था और दोनों घायलों का उपचार कराया जा रहा है।
पुलिस को सूचना मिलने में देरी पर सवाल
फैक्टरी परिसर में हादसा होने के बावजूद पुलिस के मौके पर पहुंचने में देरी की बात सामने आई। बताया गया कि दोपहर करीब 12 बजे तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची थी। हादसे की सूचना पुलिस को किस स्तर पर और कब मिली, इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं।
एसडीएम ने किया निरीक्षण, मांगे लाइसेंस और दस्तावेज
सूचना मिलने पर शामली के सदर एसडीएम सचिन राजपूत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने फैक्टरी प्रबंधन से हादसे की जानकारी लेने के साथ घायलों के बारे में भी जानकारी जुटाई। एसडीएम ने फैक्टरी का लाइसेंस और अन्य आवश्यक दस्तावेज मांगे हैं। उन्होंने घायलों के परिजनों से मिलने और उनका हाल जानने की बात कही। साथ ही फैक्टरी में सुरक्षा मानकों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी ली।