निजी क्लीनिक सील: गर्भवती महिला की सर्जरी का वीडियो हुआ था वायरल, अब एसीएमओ ने की कार्रवाई
Shamli News : गर्भवती महिला की सर्जरी का वीडियो वायरल होने पर एसीएमओ ने निजी क्लीनिक को सील कर दिया। जानिए पूरा मामला क्या है।
विस्तार
शामली में सोशल मीडिया पर वायरल गर्भवती महिला की सर्जरी की वीडियो पर संज्ञान लेते हुए कस्बे के मोहल्ला खेल स्थित निजी क्लीनिक को एसीएमओ द्वारा कार्रवाई करते हुए सील कर दिया गया। बताया गया कि बिना रजिस्ट्रेशन सर्जरी की जा रही थी। डॉक्टर के बजाए अन्य महिला भी सर्जरी कर रही थी।
कस्बा कांधला के मोहल्ला खेल स्थित एक निजी क्लीनिक पर तैनात महिला की कुछ दिन पूर्व सोशल मीडिया पर गर्भवती महिला की सर्जरी करते हुए वीडियो वायरल हुई थी। जिसमें संज्ञान लेते हुए एसीएमओ द्वारा संचालक को नोटिस जारी किया गया था। मामले को लेकर किसान संगठन सहित कई अन्य संगठनों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से कार्रवाई किए जाने की मांग की थी। नोटिस जारी होने के बावजूद भी चिकित्सक के द्वारा जब कोई स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किया गया तो चिकित्सा विभाग हरकत में आया।
शनिवार को एसीएमओ अवनीश कुमार अपनी टीम के साथ कस्बे के मोहल्ला खेल स्थित लक्ष्मी क्लीनिक पर पहुंचे। वहां पर कोई चिकित्सक मौजूद नहीं था। टीम ने अपनी कार्रवाई करते हुए क्लीनिक को सीज कर दिया। निजी चिकित्सालय के सील होने के बाद चिकित्सक ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल की, जिसमें वह आरोप लगा रही हैं कि कुछ दिन पूर्व सीएमओ ऑफिस के एक कर्मचारी ने उससे रजिस्ट्रेशन के नाम पर 50,000 रुपये लिए थे।
यह भी पढ़ें: बेसब्री से इंतजार: पाकिस्तान की जेल से रिहा हुए तीन भारतीय, कल मातृभूमि पर रखेंगे कदम, खुशी से झूमे परिजन
मामले में एसीएमओ अवनीश कुमार का कहना है कि चिकित्सक की कुछ दिन पूर्व सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुई थी। इसके संबंध में उसे नोटिस जारी किया गया था, जवाब नहीं आने पर कार्रवाई करते हुए क्लीनिक को सीज कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें: नहीं कांपे हाथ: पोते ने दादा को उतारा था मौत के घाट, चेहरे पर नहीं मलाल, घर आकर नहाया, सामने आई ये बड़ी वजह