शामली: घर में पंखे से लटकी मिली 30 वर्षीय रूपा, तीन मासूम बेटियों के सिर से उठा मां का साया
शामली के थानाभवन की अस्पताल कॉलोनी में 30 वर्षीय रूपा घर के कमरे में पंखे से लटकी मिली। परिजन उसे सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की है।
विस्तार
शामली के थानाभवन की अस्पताल कॉलोनी में शनिवार सुबह एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 30 वर्षीय रूपा घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में पंखे से लटकी मिली। परिजन उसे नीचे उतारकर आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। उसकी तीन छोटी बेटियां हैं।
फोन नहीं उठाया तो दोस्त को घर भेजा
मृतका की पहचान रूपा (30) पत्नी मोहित निवासी अस्पताल कॉलोनी, थानाभवन के रूप में हुई है। मूल रूप से बिहार के पटना की रहने वाली रूपा की शादी करीब आठ वर्ष पहले मोहित के साथ हुई थी। उसकी तीन बेटियां काजल (5), नैना (3) और खुशी (1) हैं।
बताया गया कि शनिवार सुबह करीब नौ बजे रूपा घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में पंखे से लटकी मिली। फोन नहीं उठने पर पति मोहित ने अपने एक मित्र को घर जाकर पता करने के लिए भेजा था। इसके बाद परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो रूपा पंखे से लटकी हुई थी।
यह भी पढ़ें: सियासत: यूपी पुलिस ने ओवैसी को दे दी सलामी! जज के लिए था 'गार्ड ऑफ ऑनर', गफलत में सांसद को मिला सम्मान
मजदूरी के लिए बाहर गए थे परिवार के सदस्य
मृतका के चचेरे देवर राजू ने बताया कि सास राजवीरी खेतों में मजदूरी करने गई थीं। पति मोहित मध्यप्रदेश में कोल्हू पर काम करने गया हुआ है। वहीं, देवर, देवरानी और ससुर महक सिंह मुजफ्फरनगर में ईंट-भट्ठे पर मजदूरी कर रहे हैं। परिवार के सभी सदस्य मेहनत-मजदूरी करते हैं। घटना के समय कमरे में रूपा की तीनों बेटियां सो रही थीं।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजन रूपा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीओ जितेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। मामले की जांच की जा रही है। महिला की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
