Saharanpur: आयरन हैंडीक्राफ्ट फैक्टरी में लगी आग, भगदड़ में दो महिला मजदूर बेहोश
बेहट कस्बे की आयरन हैंडीक्राफ्ट फैक्टरी में शनिवार को भीषण आग लग गई। हादसे के वक्त फैक्ट्री में 30-35 मजदूर मौजूद थे। भगदड़ में दो महिला मजदूर बेहोश हो गईं। सभी को पुलिस और फायर ब्रिगेड ने सुरक्षित रेस्क्यू किया।
विस्तार
सहारनपुर जनपद में बेहट क्षेत्र में घनी आबादी वाले मोहल्ला सड़कपार स्थित एक आयरन हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री में शनिवार दोपहर भीषण आग लग गई। आग लगते ही फैक्ट्री में काम कर रहे 30-35 मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। भगदड़ के दौरान दो महिला मजदूर सीढ़ियों से गिरकर बेहोश हो गईं।
आग की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला। कुछ मजदूर छत पर चढ़ गए थे जिन्हें रस्सियों के जरिए नीचे उतारा गया।
फैक्टरी मालिक हाजी तनवीर के मुताबिक आग का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है, हालांकि कुछ लोगों का कहना है कि जहां आग लगी, वहां थिनर के ड्रम रखे थे। फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों ने सबमर्सिबल पंप की मदद से आग पर काबू पाया।
दूसरी बार लगी आग
यह वही फैक्ट्री है जहां कुछ साल पहले भी आग लग चुकी है। तब भी बड़ा हादसा टल गया था। अब दोबारा आग लगने से फैक्ट्री सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सीओ मुनीशचंद्र ने बताया कि हादसे के समय 30-35 मजदूर फैक्ट्री में मौजूद थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। आग के कारणों की जांच की जा रही है।