रजबहे का पुल क्षतिग्रस्त, हादसे की आशंका
शामली। गांव भैंसवाल के रास्ते पर बधैव-कन्नूखेड़ा रजबहे पर बना पुल क्षतिग्रस्त होने से हादसे की आशंका बनी है। पुल से खाली वाहनों के साथ गन्ना लदे वाहन भी गुजरते हैं। ग्रामीणों डीएम से पुल का निर्माण करने की मांग की है।
गांव भैंसवाल के ग्रामीणों ने डीएम जसजीत कौर को दिए ज्ञापन में बताया कि भैंसवाल के पास बधैव-कन्नूखेड़ा रजबहा है। इस पर बना पुराने पुल की हालत जर्जर है। एक स्थान पर पुल टूट चुका है तथा बड़ा गड्ढा आरपार हो गया है। पुल के दोनों ओर दीवारें भी नहीं हैं। इससे हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है। भैंसवाल और पेलखा के ग्रामीणों का इस पुल से आवागमन रहता है। रात में गन्ना तुलवाने के लिए भी किसान आते-जाते हैं तथा अन्य वाहनों का भी आवागमन रहता है। पुल क्षतिग्रस्त होने से हादसे की आशंका बनी हुई है। उन्होंने डीएम से पुल का निर्माण कराने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में बिजेंद्र कुमार एडवोकेट, नवीन कुमार, किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष मनोज पंवार, विक्रम सिंह, धूम सिंह, अजीत सिंह आदि शामिल रहे।