कांधला। कस्बे और क्षेत्र में शनिवार देर रात तेज हवा के साथ हुई मूसलाधार बारिश में जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। तेज हवा के कारण खंभे उखड़ गए। जिससे बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण कई गांवों में अंधेरा छा गया। इसके अलावा किसानों की फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है।
शनिवार रात से ही मौसम खराब चल रहा था, लेकिन आधी रात बाद तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हुई। तेज हवाओं से बाजार में दुकानों केे होर्डिंग गिर गए। बुढ़ाना रोड, कैराना रोड, गंगेरू इस्सोपुर मार्ग पर पेड़ उखड़कर गिरने से राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से जेसीबी लगाने के बाद सड़क से हटवाने के बाद मार्ग को खुलवाया। दूसरी और विद्युत निगम के पोल उखड़ने से आपूर्ति ठप रही। कस्बे में करीब चार घंटे तक विद्युत आपूर्ति ठप होने के कारण किसानों को पशुओं के लिए चारा काटने के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। सूचना पर विद्युत विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर गिरे हुए विद्युत पोलों को ठीक करने का कार्य शुरू किया जिसके बाद विद्युत सप्लाई को सुचारु रूप से किया गया, लेकिन कई जगहों पर आपूर्ति रविवार शाम तक बाधित थी। तेज हवा के कारण किसानों की फसलों को काफी नुकसान पहुंचा। क्षेत्र के किसानों ने बताया कि धान की फसल को भी नुकसान हुआ है।