शामली। सीबीएसई 10वीं व 12वीं की कंपार्टमेंट परीक्षा सोमवार से दो केंद्रों पर शुरू हुई। पहले दिन 10वीं में 103 और 12वीं में 412 विद्यार्थियों ने कंपार्टमेंट परीक्षा दी। 12वीं के अधिकांश विषयों की परीक्षा संपन्न हो गई। परीक्षा सीसीटीवी कैमरे की निगरानी और पर्यवेक्षक की देखरेख में हुई।
सीबीएसई की कंपार्टमेंट परीक्षा सिल्वर बेल्स पब्लिक स्कूल व स्कॉटिश इंटरनेशनल स्कूल में सुबह साढ़े दस बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक हुई। सीबीएसई की जिला नोडल अधिकारी आशु त्यागी ने बताया पहले दिन 10वीं में गणित स्टैंडर्ड और गणित बेसिक की कंपार्टमेंट परीक्षा हुई। स्कॉटिश इंटरनेशनल स्कूल में दोनों विषय में कुल 59 विद्यार्थी पंजीकृत थे। इनमें 49 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी और दस अनुपस्थित रहे। सिल्वर बेल्स पब्लिक स्कूल में 10वीं में कुल पंजीकृत 58 विद्यार्थियों में 54 ने कंपार्टमेंट की परीक्षा दी और चार विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। 12वीं में राजनीति विज्ञान, भूगोल, अर्थशास्त्र, गणित, भौतिकी, रसायन, जीव विज्ञान, फिजिकल एजुकेशन, बिजनेस एजुकेशन, अकाउंटेसी, कंप्यूटर साइंस न्यू, इंगलिश कोर और इतिहास की परीक्षा हुई। इन विषयों की परीक्षा में स्कॉटिश स्कूल में कुल पंजीकृत 189 में 182 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी और सात विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। सिल्वर बेल्स पब्लिक स्कूल में कुल पजीकृत 242 विद्यार्थियों में 230 विद्यार्थियों ने कंपार्टमेंट परीक्षा दी और 12 अनुपस्थित रहे।