अंकित बालियान की तेरहवीं में पहुंचे कई नेता, सुरेश राणा बोले- सरकार में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं
अंकित बालियान की तेरहवीं में पहुंचे पूर्व मंत्री सुरेश राणा, संजीव बालियान, नरेश टिकैत, मोहित बेनीवाल और मृगांका सिंह ने परिवार को सांत्वना दी। सुरेश राणा ने कहा कि सरकार में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है, जबकि नेताओं ने बाकी आरोपियों पर जल्द कार्रवाई की बात कही।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणवी गायक अंकित बालियान की तेरहवीं के आयोजन में बुधवार को राजनीतिक और किसान संगठनों से जुड़े कई नेता पहुंचे। नेताओं ने परिवार को सांत्वना दी और हत्याकांड में शामिल बाकी आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई। पूर्व मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि सरकार में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है।
सुरेश राणा बोले- अपराधियों के लिए कोई छूट नहीं
पूर्व मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि पुलिस एसटीएफ के साथ तालमेल कर काम कर रही है। मुठभेड़ में दो आरोपियों के मारे जाने को उन्होंने पुलिस का प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि सरकार में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और योगी सरकार में अपराधियों को कोई छूट नहीं है। उन्होंने कहा कि इस घटना का सभी को कष्ट है और सरकार परिवार के साथ है।
संजीव बालियान बोले- युवाओं को गलत संगत से रोकना होगा
पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने युवाओं के अपराध की ओर बढ़ने पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी के बच्चे हरियाणा और पंजाब में गलत संगत में पड़ रहे हैं। युवाओं को इससे रोकने के लिए गंभीर प्रयास करने होंगे।
उन्होंने कहा कि इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर छोटे-छोटे बच्चे भी प्रभावित हो रहे हैं। सरकार के साथ-साथ समाज को भी इस विषय पर गंभीर होना होगा। उन्होंने कहा कि अंकित हत्याकांड में बाकी अपराधियों पर भी जल्द कार्रवाई होगी। संजीव बालियान ने कहा कि उन्होंने खुद हरियाणा में पढ़ाई की है और हरियाणा और उत्तर प्रदेश को एक ही माना जाता है।
नरेश टिकैत बोले- दुख की घड़ी में परिवार के साथ
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता नरेश टिकैत ने कहा कि वह दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ हैं। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए कहा कि प्रशासन कार्रवाई कर रहा है।
मृगांका सिंह ने परिवार को दी सांत्वना
भाजपा नेता मृगांका सिंह भी अंकित के परिवार से मिलीं और उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि ईश्वर दुख की इस घड़ी में परिवार को शक्ति प्रदान करें।
मोहित बेनीवाल बोले- अपराधियों की कमर तोड़ने का काम जारी
भाजपा एमएलसी मोहित बेनीवाल ने कहा कि अंकित बालियान असमय दुनिया से चला गया। परिवार के दुख को बांटने के लिए पार्टी उनके साथ है।
उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनकी सरकार के दौरान माफियाओं को संरक्षण मिलता था और जब माफियाओं का एनकाउंटर होता था तो अखिलेश यादव उनके साथ खड़े रहते थे। मोहित बेनीवाल ने कहा कि सरकार अपराधियों की कमर तोड़ने का काम कर रही है और जल्द ही सभी बदमाशों पर शिकंजा कसा जाएगा।
अंकित हत्याकांड पर गरमाई सियासत, सपा विधायक पंकज मलिक ने सरकार पर साधा निशाना
हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड को लेकर अब सियासत भी गरमा गई है। शामली के गांव बंतीखेड़ा पहुंचे समाजवादी पार्टी के विधायक पंकज मलिक ने अंकित के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और न्याय की मांग की।
परिजनों से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में पंकज मलिक ने पुलिस और प्रशासन से मामले में सख्त कार्रवाई करने की अपील की। सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से जीरो टॉलरेंस और बुलडोजर कार्रवाई की बातें की जाती थीं, लेकिन इसके बावजूद दिनदहाड़े ऐसी घटना हो गई।
सपा विधायक ने कहा कि सरकार को सबसे पहले अंकित बालियान के परिवार को न्याय दिलाना चाहिए। इसके बाद वाहवाही लूटने का काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्रवाई केवल अंकित के लिए नहीं, बल्कि उन सभी नौजवानों के लिए जरूरी है, जो आगे बढ़ना चाहते हैं और अपनी पहचान बनाना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि अंकित हत्याकांड में ऐसी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भविष्य में कोई भी अपराधी इस तरह की वारदात को अंजाम देने के बारे में सोच भी न सके। पुलिस को हत्याकांड से जुड़े सभी लोगों तक पहुंचकर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।