शामली: अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, आठ गिरफ्तार; 23 बाइक-स्कूटी और पार्ट्स बरामद
शामली में थानाभवन, कांधला और कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का खुलासा हुआ। आठ आरोपी गिरफ्तार और तीन बाल अपचारी पुलिस अभिरक्षा में लिए गए।
विस्तार
शामली में थानाभवन, कांधला और कोतवाली शामली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की 23 मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और बाइक के पार्ट्स बरामद किए गए हैं।
सुनसान स्थानों पर खड़ी बाइक बनाते थे निशाना
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता में बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने सुनसान स्थानों पर खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाने की बात बताई। मौका मिलते ही बाइक चोरी कर उसे छिपा देते थे। बाद में चोरी के वाहनों को बेचने की कोशिश करते थे। पुलिस के अनुसार चोरी से मिलने वाली रकम से आरोपी अपने शौक पूरे करते थे।
पुलिस के मुताबिक गिरोह के सदस्य शामली और बागपत के अलावा हरियाणा के करनाल व पानीपत तथा दिल्ली से भी बाइक चोरी करते थे। पुलिस अब बरामद वाहनों के संबंध में अन्य मामलों की जानकारी भी जुटा रही है।
जंगल और पुराने भवन में छिपाई थीं बाइक
थानाभवन पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर ग्राम नोजल के वन विभाग के जंगल में किकर के बाग के पास छिपाकर रखी गई 12 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कीं।
वहीं कांधला पुलिस ने गोशाला के पुराने भवन से 10 मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और बाइक के पार्ट्स बरामद किए। कोतवाली शामली पुलिस ने तीन बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर उनके कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की। इस तरह कुल 23 मोटरसाइकिल बरामद हुई हैं।
ये आरोपी गिरफ्तार
थानाभवन पुलिस ने अजय उर्फ जीता निवासी मस्तगढ़, शुभेष निवासी मोहल्ला रेती, सावन निवासी ग्राम सैद थाना गंगोह, सहारनपुर, इरशाद उर्फ कन्टू निवासी ग्राम कुंडा कला थाना गंगोह, सहारनपुर और अंकित उर्फ काला निवासी ग्राम खेड़ागदाई को गिरफ्तार किया।
कांधला पुलिस ने वशीर निवासी ग्राम खंद्रावली, राहुल और कपिल निवासी ग्राम रामपुर खेड़ी को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा तीन बाल अपचारियों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
अजय उर्फ जीता पर पहले से कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार अजय उर्फ जीता के खिलाफ थानाभवन के अलावा सहारनपुर में चोरी और लूट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अन्य आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही है।