थानाभवन। बजरंग दल ने हनुमान जयंती धूमधाम से मनाई। इस मौके पर निकाली गई शोभायात्रा में मनमोहक झांकियों ने मनमोह लिया।
मंगलवार को मंदिर आश्रम पंचतीर्थी में जयंती कार्यक्रम का शुभारंभ गन्ना मंत्री सुरेश राणा व मुख्य वक्ता आतंकनाशी मंच के क्षेत्रीय संयोजक पंकज भैय्या ने दीप प्रज्वलित कर किया। गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने हनुमान भगवान का गुणगान किया और सभी से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। मुख्य वक्ता पंकज भैय्या ने कहा कि कमलेश तिवारी की हत्या कर जेहादियों ने अपने मंसूबे साफ कर दिए हैं। अब हिंदू भी जेहाद को अपनी ताकत दिखाएगा और ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाएगा। इसके बाद शोभायात्रा में हनुमान भगवान की झांकी ने सभी का मनमोह लिया। इसके अलावा हसनपुर लुहारी के अखाड़े के युवाओं ने तलवार व लाठी-डंडों से करतब दिखाकर सभी को आश्चर्यचकित कर दिया। यात्रा मंदिर आश्रम पंचतीर्थी से शुरू होकर दिल्ली-सहारनपुर रोड से होते हुए शामली बस स्टैंड, चौक बाजार, घासमंडी, टंकी चौक, रसीदगढ़ रोड, दयाल आश्रम से होते हुए मंदिर बाडा पर पूर्व चेयरमैन संजय शर्मा के घर के सामने समापन हुई। इस मौके पर युवाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मौके पर विशिष्ट अतिथि व भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष जनेश्वर सैनी, सभासद विनोद सैनी, सैनी समाज के जिलाध्यक्ष अमित सैनी, विनित सैनी आदि रहे।

थानाभवन हनुमान जयंती पर पटे का करतब दिखाते लोग- फोटो : SHAMLI