किसानों की उपेक्षा कर रही सरकार
कैराना। गांव भूरा में आर्य समाज मंदिर में भाकियू की किसान-मजदूर पंचायत का आयोजन किया गया, जिसमें वक्ताओं ने सरकार पर जमकर निशाना साधा।
किसान-मजदूर पंचायत में भाकियू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मेनपाल चौहान ने कहा कि वर्तमान सरकार में किसानों का शोषण चरम पर है। सरकार की दमनकारी नीति से किसानों में आक्रोश है। गन्ने का भाव 450 रुपये प्रति क्विंटल देने और 14 दिन में भुगतान करने का आश्वासन दिया था। आज 10 माह से पहले किसानों का भुगतान नहीं मिल पा रहा है। जनपद की तीनों शुगर मिलों पर किसानों का हजारों करोड़ रुपये बकाया है। कहा कि प्रदेश की चीनी मिलों को हाई कोर्ट सात बार आदेश जारी कर चुकी है, फिर भी बकाया भुगतान नहीं किया गया। वहीं बिजली निगम के कर्मचारी किसानों का शोषण कर रहे हैं। रिश्वत के रूप में किसानों से उगाही हो रही है। नलकूपों पर किसानों की सहमति के बिना मीटर लगाए जा रहे हैं। पंचायत के दौरान प्रिंस चौधरी, प्रमोद चौहान, रमेश, कुलदीप, मदनपाल चौहान, जहांगीर, फुरकान ने अपने विचार रखे। पंचायत की अध्यक्षता कवर सिंह नंबरदार ने की और संचालन हरपाल सिंह ने किया।