Shamli: अफसरों की लापरवाही से पेंशन नहीं मिलने से फीकी रहेगी 7531 लाभार्थियों की दिवाली
पेंशन योजना के लाभार्थियों के बैंक खाते में पेंशन नहीं मिलने से साढ़े सात हजार लाभार्थियों के दिवाली इस बार फीकी रहेगी।
विस्तार
शासन से वृद्धा, विधवा व दिव्यांग पेंशन के लाभार्थियों के खातों में एक हजार रुपये महीने के हिसाब से तीन माह में तीन हजार रुपये भेजे जाते हैं, जिसमें शासन से सभी लाभार्थियों के खातों में जनवरी में पेंशन की किस्त भेज दी गई थी।
उधर, पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को बैंक खातों में आधार फीडिंग कराने और आधार फीडिंग होने के बाद ही पेंशन का लाभ देने के आदेश जारी किए, जिसमें विभागीय अफसरों की लापरवाही उजागर हो रही है और अभी तक ऐसे काफी लाभार्थी है, जिनकी आधार फीडिंग नहीं की गई है। जिसका खामियाजा अब पेंशन धारकों को भुगतना पड़ रहा है, जिसमें पेंशन के 45241 लाभार्थियों में से 37710 की आधार फीडिंग हो गई, जबकि 7531 लाभार्थियों की आधार फीडिंग नहीं हुई।
वृद्धावस्था पेंशन के 4805 लाभार्थियों की नहीं हुई आधार फीडिंग
जिला समाज कल्याण में वृद्धा पेंशन योजना के 24025 लाभार्थियों में से 19220 की आधार फीडिंग हो चुकी है, जबकि 4805 लाभार्थियों की पेंशन अटकी हुई है। इसके अलावा जिला दिव्यांगजन कल्याण विभाग से पेंशन के 6660 लाभार्थियों में से 4983 की फीडिंग हो चुकी है, जबकि 1049 की पेंशन अटकी हुई है। उधर जिला प्रोबेशन विभाग से विधवा पेंशन की 14556 लाभार्थियों में से 13507 का आधार फीडिंग हो चुकी है, जबकि 1049 की फीडिंग नहीं होने के कारण पेंशन अटकी हुई है।
जेब खाली, कैसे मनेगी दिवाली
दिव्यांग होने के कारण कोई काम भी नहीं कर पा रहा हूं। सिर्फ पेंशन के रुपयों से ही गुजारा चल रहा है। जनवरी महीने के बाद अभी तक पेंशन का लाभ नहीं मिला। जेब खाली होने के कारण दीवाली मनाने के लिए भी खर्चा नहीं है। नरेश कुमार, लाभार्थी।
पेंशन के लिए लगाने पड़ रहे चक्कर
वृद्धा पेंशन के लिए सात महीने पहले आवेदन किया था। जिसकी सभी जांच पूरी होने के बाद पात्र हूं, लेकिन अभी तक पेंशन का लाभ नहीं मिल सका। पेंशन के लिए विकास भवन के चक्कर लगाने पड़ रहे है। ओमवती, लाभार्थी।
पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों के आधार फीडिंग का कार्य चल रहा है। शहरी क्षेत्र के कुछ लाभार्थी नहीं मिल रहे है। अगर इसमें अधिकारियों व कर्मियों की लापरवाही है तो उनसे जवाब मांगा जाएगा। विद्यानाथ शुक्ला, सीडीओ बागपत।