सिपाही भर्ती परीक्षा: साॅल्वर गैंग के चार सदस्यों को पुलिस और SOG टीम ने शामली से किया गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के शामली से पुलिस और एसओजी ने सॉल्वर गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के शामली में पुलिस और एसओजी टीम ने साल्वर गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनसे पूछताछ की जा रही है। बताया गया कि पुलिस व एसओजी टीम ने इन्हें कैराना के एक परीक्षा केंद्र से पकड़ा है।
जानकारी के अनुसार कैराना में पुलिस और एसओजी टीम ने पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान साल्वर गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करके चालान कर दिया।
एक दिन पहले नोएडा एसटीएफ द्वारा कांधला थाना क्षेत्र के गांव गढी रामकौर निवासी मोनू को पुलिस भर्ती परीक्षा लीक करने के मामले में गिरफ्तार किया था। वहीं रविवार को एसपी अभिषेक के निर्देश पर एसओजी टीम और कोतवाली पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए साल्वर गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने मामले में रिजवान निवासी तीतरवाड़ा, आसिफ निवासी अलीपुर, उस्मान निवासी मन्ना माजरा और सावेज निवासी जहानपुरा के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करके चालान कर दिया।