राजस्थान पंचायत इलेक्शन लाइव: दूसरे चरण का मतदान शुरू, 22 जिलों में 1.06 करोड़ से ज्यादा मतदाता करेंगे वोट
राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के दूसरे चरण के तहत 28 अक्टूबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान हो रहा है। प्रदेश के 22 जिलों में जिला परिषद के 352 वार्डों और 124 पंचायत समितियों के 2,197 वार्डों में वोट डाले जा रहे हैं।
लाइव अपडेट
राजस्थान: पंचायत चुनाव में मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार की साख दांव पर
पंचायत चुनाव के इस चरण में यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार के सदस्यों की चुनावी किस्मत का भी फैसला होगा। उनकी पत्नी शांति देवी खर्रा, बड़े बेटे दुर्गा सिंह खर्रा, छोटे बेटे अजय सिंह खर्रा और छोटे भाई की पत्नी प्रतिमा खर्रा चुनाव मैदान में हैं। जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव में भाजपा, कांग्रेस, स्थानीय दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। पंचायत समिति सदस्य मिलकर प्रधान और जिला परिषद सदस्य मिलकर जिला प्रमुख का चुनाव करेंगे।
जयपुर की पांच पंचायत समितियों में मतदान
जयपुर जिले में दूसरे चरण के तहत आमेर, अमरसर, जालसू, रामपुरा डाबड़ी और शाहपुरा पंचायत समितियों में मतदान हो रहा है। यहां जिला परिषद के 11 वार्डों में 30 प्रत्याशी और पंचायत समिति के 81 वार्डों में 247 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
जिले में कुल 3,78,364 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 1,97,323 पुरुष, 1,81,040 महिलाएं और एक अन्य श्रेणी का मतदाता शामिल है। इन पांच पंचायत समितियों में कुल 413 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जा रहे हैं।
पंचायत समिति के स्तर पर आमेर में 21 वार्ड, अमरसर में 15, जालसू में 15, रामपुरा डाबड़ी में 15 और शाहपुरा में 15 वार्ड हैं। इन क्षेत्रों में कुल 112 ग्राम पंचायतें शामिल हैं। मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण देने के बाद श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी, सीकर रोड से रवाना किया गया था।
दूसरे चरण में 8,404 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में होगी बंद
दूसरे चरण के चुनाव में कुल 8,404 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें जिला परिषद के 352 वार्डों से 1,086 और पंचायत समिति के 2,197 वार्डों से 7,318 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। मतदान के लिए 22 जिलों में 11,799 केंद्र बनाए गए हैं।
राजस्थान में दूसरे चरण के लिए मतदान शुरू
राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के दूसरे चरण के तहत 22 जिलों में मतदान शुरू हो गया है। जिला परिषद के 352 और पंचायत समिति के 2,197 वार्डों में वोट डाले जा रहे हैं। कुल 11,799 मतदान केंद्रों पर एक करोड़ छह लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। मतदान शाम छह बजे तक चलेगा।
राजस्थान पंचायत इलेक्शन लाइव: दूसरे चरण का मतदान शुरू, 22 जिलों में 1.06 करोड़ से ज्यादा मतदाता करेंगे वोट
राजस्थान पंचायत चुनाव LIVE: राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के दूसरे चरण के तहत बुधवार, 28 अक्टूबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान हो रहा है। प्रदेश के 22 जिलों में जिला परिषद के 352 वार्डों और 124 पंचायत समितियों के 2,197 वार्डों में मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। इस चरण में कुल 8,404 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। मतदान के लिए 11,799 केंद्र बनाए गए हैं। मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक चलेगा।
राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, दूसरे चरण में कुल 1,06,56,127 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 55,19,336 पुरुष, 51,36,744 महिलाएं और 47 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं। जिला परिषद के 352 वार्डों में 1,086 प्रत्याशी और पंचायत समिति के 2,197 वार्डों में 7,318 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। एक मतदाता जिला परिषद और पंचायत समिति, दोनों के लिए मतदान करेगा।