संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। स्वास्थ्य विभाग ने कांवड यात्रा मार्ग पर 14 स्थानों को हॉट स्पॉट चिन्हित कर 108 व 102 की सरकारी एंबुलेंस को स्टाफ समेत नियुक्त किया है। एंबुलेंस की सेवा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी और सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर कांवड़ियों को उपचार की सुविधा उपलब्ध कराएगी।
कांवड यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारी की है। कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी शिवभक्त को स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं या दुर्घटना होने पर घायल कांवड़ियों को तुरंत उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कांवड यात्रा मार्ग पर हॉट स्पॉट चिन्हित किए गए हैं। एंबुलेंस सेवा के जिला प्रभारी ललित मोहन जोशी ने बताया कि जिले में कांवड़ यात्रा मार्ग पर यमुना ब्रिज, बिडौली, गाड़ी वाला चौराहा, झिंझाना, यमुना ब्रिज कैराना, पब्लिक इंटर कालेज कैराना, कंडेला पुलिस चौकी, ब्रेक पाइंट कैराना रोड, रेलवे पुलिस स्टेशन, बुटराड़ा बस स्टैंड, हाथी करौदा पुलिस चौकी, खेड़ी बैरागी मंदिर और नगर पंचायत बनत हॉट स्पॉट चिन्हित किया गया है। प्रत्येक हॉटस्पॉट पर 108 व 102 की सरकारी एंबुलेंस खड़ी की गई है।