Shamli: क्रिप्टो करेंसी में निवेश का झांसा देकर 14.20 लाख की ठगी, पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी
शामली के कांधला में क्रिप्टो करेंसी में निवेश का झांसा देकर युवक से 14.20 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पैसे मांगने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के शामली जनपद के कांधला थानाक्षेत्र में क्रिप्टो करेंसी में निवेश के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। मोहल्ला खेल निवासी युवक से 14 लाख 20 हजार रुपये ठग लिए गए। आरोप है कि पैसे वापस मांगने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
रकम दोगुनी करने का दिया झांसा
पीड़ित सलमान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कांधला के मोहल्ला रामनगर निवासी एक युवक ने खुद को क्रिप्टो करेंसी कंपनी का कर्मचारी बताया। आरोपी ने कहा कि कंपनी में निवेश करने पर 18 महीने में रकम दोगुनी हो जाएगी। साथ ही निवेशकों को एक सप्ताह के लिए दुबई घुमाने का भी लालच दिया गया।
यह भी पढ़ें: West UP Weather: मौसम ने बदली करवट, बादल-धूप के बीच गर्मी से राहत; अगले 48 घंटे ऐसा ही रहेगा मिजाज
वर्ष 2022–23 में दिए 14.20 लाख रुपये
पीड़ित के अनुसार उसने वर्ष 2022 और 2023 के दौरान अलग-अलग किस्तों में आरोपी को कुल 14 लाख 20 हजार रुपये दे दिए। करीब तीन साल बीत जाने के बाद भी उसे न तो रकम वापस मिली और न ही किसी प्रकार का मुनाफा मिला।
पीड़ित के पास मौजूद हैं सबूत
सलमान का कहना है कि उसके पास पैसे देने के वीडियो और कुछ ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के साक्ष्य भी मौजूद हैं। इन साक्ष्यों के आधार पर उसने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
एक और युवक से भी ठगी
पीड़ितों के अनुसार आरोपी ने मोहल्ला मौलानान निवासी शादाब से भी करीब 5 लाख 20 हजार रुपये की ठगी की है। आरोप है कि इस पूरे नेटवर्क में आरोपी के भाई भी शामिल हैं।
पैसे मांगने पर मिल रही धमकी
पीड़ितों का कहना है कि जब भी वे अपने पैसे वापस मांगते हैं तो आरोपी गाली-गलौज करता है और जान से मारने की धमकी देता है। परेशान होकर दोनों युवकों ने थाने में नामजद तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।