शाहजहांपुर में मौसम का कहर: 24 घंटे में बिजली गिरने से किशोर समेत दो की मौत, ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान
शाहजहांपुर जिले में बेमौसम बारिश लोगों पर आफत बनकर बरसी। बीते 24 घंटों में अलग-अलग जगहों पर बिजली गिरने से किशोर समेत दो लोगों की मौत हो गई। रविवार को बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई, जिससे फसलों का काफी नुकसान हुआ है।
विस्तार
शाहजहांपुर के जलालाबाद थाना क्षेत्र के गांव चौरा खुर्द में रविवार सुबह तेज बारिश के साथ बिजली गिरने से एक किशोर की मौत हो गई। वह खेत में बकरी चरा रहा था। उसकी बकरी भी मर गई। शनिवार को मिर्जापुर इलाके में बारिश के दौरान बिजली गिरने से किसान की मौत हो गई थी।
जलालाबाद क्षेत्र के गांव चौरा खुर्द निवासी रामसुमिरन का करीब 14 वर्षीय बेटा शिवम रविवार सुबह अपनी बकरी को चराने खेतों की ओर गया था। अपराह्न करीब 11 बजे गरज चमक के साथ अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। शिवम अपनी बकरी लेकर घर की ओर चल दिया। वह कुछ कदम ही चल पाया था कि बिजली उस पर आ गिरी। बकरी भी उसकी चपेट में आ गई।
बिजली गिरने से शिवम बकरी सहित झुलस कर सड़क पर गिर गया। कुछ देर बाद बारिश रुकने पर उस तरफ गए लोगों ने उसे सड़क पर पड़ा देखा। इसके बाद उसके परिजनों को दी। घरवाले शिवम को लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मिर्जापुर में किसान की हुई थी मौत
मिर्जापुर क्षेत्र में बिजली गिरने से शनिवार सुबह किसान की मौत हो गई थी। ग्राम अतरी निजामपुर निवासी अमर सिंह (45) फसल की रखवाली कर रहे थे। बारिश रुकने पर भी जब अमर सिंह घर नहीं पहुंचे तो परिजन उन्हें खोजते हुए खेत आए, जहां उनका शव झोंपड़ी के अंदर झुलसी हालत में मिला। मृतक के छोटे भाई समर सिंह ने बताया कि अमर भाइयों में सबसे बड़े थे।
बारिश के साथ ओले गिरने से फसलों को नुकसान
जिले में शनिवार रात और रविवार को सुबह बारिश के साथ ओलावृष्टि व तेज हवा चलने से खेतों में खड़ी फसलें गिर गईं हैं। गेहूं, मसूर और सरसों की फसलों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। इसके साथ ही शहर से लेकर गांव तक पूरे जिले में कई जगह बिजली भी गुल हो गई है। वहीं बारिश के कारण सड़कों का बुरा हाल है। जलभराव व फिसलन होने से वाहन चालक और राहगीर फिसलकर चोटिल हो रहे हैं।
गन्ना शोध परिषद के वैज्ञानिक मनमोहन सिंह के अनुसार तेज हवा के साथ ओलावृष्टि व बारिश से सरसों की फसल में काफी नुकसान हुआ है। आम का बौर भी गिर गया और सब्जी की फसल भी खेतों में पानी भरने से खराब हो जाएगी। अभी बारिश और होने की संभावना है। जिससे फसलों को नुकसान हो सकता है।