शाहजहांपुर में दर्दनाक हादसा: बहन के घर से लौटे रहे बाइक सवार दो भाइयों की मौत, अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
शाहजहांपुर के अल्हागंज क्षेत्र में सोमवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। बहन के घर से लौट रहे बाइक सवार दो सगे भाइयों को किसी वाहन ने रौंद दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई।
विस्तार
शाहजहांपुर के अल्हागंज थाना क्षेत्र में बहन के घर से लौट रहे बाइक सवार दो सगे भाइयों की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
जलालाबाद थाना क्षेत्र के गांव मगटोरा निवासी रामलड़ैते के पांच बेटे और तीन बेटियां थीं। उनकी बेटी मीरा की शादी फर्रुखाबाद के अमृतपुर थाना क्षेत्र के गांव बिचपुरी में हुई है। कुछ दिन पहले सबसे छोटा बेटा देवेंद्र (14 वर्ष) अपनी बहन की ससुराल गया था।
यह भी पढ़ें- UP News: पीलीभीत में ससुरालवालों ने दामाद को दी तालिबानी सजा, पहले बेल्ट से पीटा... फिर पेड़ से बांधा
रात में गांव कटियूली के पास हुआ हादसा
सोमवार को उसे लेने के लिए बड़ा भाई नरेंद्र (22 वर्ष) बिचपुरी पहुंचा। रात करीब साढ़े आठ बजे नरेंद्र और देवेंद्र बाइक से घर आने के लिए निकले थे। रास्ते में तेज बारिश हो रही थी। अल्हागंज थाना क्षेत्र के गांव कटियूली के पास किसी वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मोबाइल फोन के माध्यम से परिजनों को सूचना दी। परिजन रात करीब 11 बजे घटनास्थल पर पहुंचे और पहचान की। दोनों भाइयों मौतों से परिजनों में कोहराम मच गया। नरेंद्र की दो महीने पहले 18 मई को नगीना से शादी हुई थी। दो महीने में ही सुहाग उजड़ने से उसका रो-रोकर बुरा हाल है।