उजड़ा परिवार: शाहजहांपुर में काल बनकर आया ट्रक और लील गया मां-बच्ची को, कई जतन बाद खुशी बनकर आई थी 'सृष्टि'
शाहजहांपुर के रोजा थाना क्षेत्र में काल बनकर आए ट्रक ने मां व बच्ची को कुचल दिया। हादसे में दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। शादी के सात साल बाद महिला ने काफी दवा-इलाज कराने बेटी सृष्टि को जन्म दिया था। हादसे की खबर से घर में कोहराम मच गया।
विस्तार
शाहजहांपुर के रोजा अड्डे पर रैक प्लांट के पास तेज रफ्तार ट्रक से कुचलकर मां व बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। हादसे के बाद चालक ट्रक को लेकर फरार हो गया। आईटीआई कॉलोनी निवासी विजय उर्फ कल्लू शुक्ला की पत्नी पल्लवी शुक्ला (26) और दस महीने की बेटी सृष्टि के साथ पड़ोस के गांव कटिया में ताबीज लेने गया था। एक सप्ताह से बीमार सृष्टि को डॉक्टर की दवा फायदा नहीं कर रही थी।
बेकरी संचालक विजय शुक्ला की शादी सात साल पहले हरिद्वार निवासी पल्लवी शुक्ला से हुई थी। काफी दवा-इलाज कराने के बाद पल्लवी ने बेटी सृष्टि को जन्म दिया था। जन्म लेने के बाद से ही सृष्टि बीमार रहती थी। पिछले एक सप्ताह से उसे लगातार बुखार और उल्टी-दस्त की शिकायत थी। कई डॉक्टरों से दवा लेने के बाद भी उसे फायदा नहीं हुआ था। इस बीच विजय शुक्ला को एक व्यक्ति ने बेटी को नजर लगने की बात कहते हुए ताबीज लेने की सलाह दी थी।
बुधवार सुबह साढ़े छह बजे विजय अपनी पत्नी पल्लवी और दस महीने की बेटी सृष्टि को मौलवी को दिखाने के लिए कटिया गांव गए थे। ताबीज लेने के बाद साइकिल से तीनों वापस लौट रहे थे। रोजा अड्डे पर रैक प्लांट के पास तेज रफ्तार ट्रक के नीचे मां-बेटी आकर कुचल गईं। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि विजय को चोट तक नहीं आई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लग गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।