Shahjahanpur News: खुटार में बाघिन ने किया सांड का शिकार, मजदूरों ने भाग कर बचाई जान
खुटार क्षेत्र में एक बाघिन ने दहशत फैला दी है। शुक्रवार सुबह बाघिन ने एक सांड को मार डाला। इसके बाद खेत में काम कर रहे मजदूरों की तरफ दौड़ी। मजदूरों ने भागकर अपनी जान बचाई।
विस्तार
शाहजहांपुर के खुटार क्षेत्र में गांव रायपुर से करीब 400 मीटर दूर गेहूं के खेत में बाघिन से सांड को मार डाला। इसके बाद बाघिन गन्ने की छिलाई कर रहे श्रमिकों की ओर गई तो श्रमिकों ने शोर मचाते हुए भागकर जान बचाई। इलाके में बाघिन होने से दहशत का माहौल है।
गांव रायपुर निवासी पूर्व प्रधान विजय सिंह का गांव से कुछ दूर फार्म है। फार्म पर गांव रायपुर के ही श्रमिक रामपाल, अमर सिंह, सियाराम, प्रदीप, संगम गन्ने की छिलाई कर रहे थे। श्रमिकों ने बताया कि शुक्रवार सुबह लगभग 10 बजे उन्हें सांड के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी, लेकिन उन लोगों ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया।
कुछ देर बाद बाघिन उन लोगों की ओर आती दिखी तो वे लोग शोर मचाते हुए गांव की ओर भागे। श्रमिकों का शोर सुनकर गांव के तमाम लोग लाठी-डंडे और असलहे लेकर खेत की ओर गए और फायरिंग की, लेकिन बाघिन नहीं दिखी। लोगों ने गन्ने के खेत के पास जाकर देखा तो एक सांड मरा पड़ा मिला।
गाय को भी बना चुकी है निवाला
सूचना पाकर वन दरोगा संतोष कुमार गौड़ वनकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और गांव के लोगों को समझाकर मौके से हटाया। वन दरोगा के अनुसार सांड को मारने वाली बाघिन हो सकती है। बाघिन ने कुछ दिन पूर्व घटनास्थल से सौ मीटर पीछे फत्तेपुर वीट के जंगल किनारे खुटार के मोहल्ला देवस्थान निवासी परसादीलाल राठौर की गाय को मार डाला था।
बाघिन के साथ तीन शावक भी देखे गए हैं। वन दरोगा ने लोगों को खेतों में समूह में काम करने और काम करने के दौरान आवाज करते रहो के लिए जागरूक किया है। रेंजर को भी मामले की सूचना दी गई है।