मंदिरों को निशाना बना रहे चोर: शाहजहांपुर में घंटे और दानपात्र से रुपये चोरी, लखीमपुर में भी हुई वारदात
चोर भगवान के घर को भी नहीं छोड़ रहे हैं। शाहजहांपुर जिले में चोरों ने दो मंदिरों से घंटे और दानपात्र की रकम चोरी कर ली। वहीं लखीमपुर खीरी जिले में कुछ बदमाशों ने मंदिर में घुसकर पुजारी को कमरे में बंद कर दिया। दानपात्र तोड़कर रकम निकाल ले गए।
विस्तार
शाहजहांपुर जिले में चोर भगवान के घर को भी नहीं छोड़ रहे। मंदिरों में लगातार चोरियां हो रही हैं। शनिवार रात तिलहर क्षेत्र में मंदिर से चोरी हुई थी। रविवार रात आरसी मिशन थाना क्षेत्र में मंदिर को चोरों ने निशाना बनाया। यहां से घंटे और दानपात्र के रुपये चोरी कर लिए गए।
थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के लालबाग स्थित हनुमान मंदिर में रविवार देर रात चोरी हो गई। मंदिर की देखरेख कर रहे महात्मा राधेश्याम ने बताया कि मंदिर परिसर में टीनशेड डलवाने के लिए दानपात्र में रुपये इकट्ठे किए थे। रविवार रात करीब 11 बजे वह मंदिर के कपाट बंद कर सो गए थे।
सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे सोकर उठे तो देखा कि मंदिर में बंधे 12 किलो, 10 किलो, पांच किलो के घंटे के साथ ही छोटे-बड़े अन्य घंटे गायब थे। दानपात्र का ताला टूटा हुआ था। दानपात्र में रखी सारी नकदी गायब थी। राधेश्याम ने बताया कि दानपात्र में छह-सात हजार रुपये होंगे। पुलिस को तहरीर दे दी गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की है।
जानकी महाराज मंदिर में हुई चोरी
वहीं तिलहर थाना क्षेत्र के गांव कपसेड़ा स्थित प्राचीन जानकी महाराज मंदिर में छोटे-बड़े लगभग 25 से 30 घंटे लगे हुए थे। शनिवार की रात चोरों ने जंजीर काटकर घंटे चुरा लिए। सुबह मंदिर में जाने वाले श्रद्धालुओं को चोरी का पता चल सका।
भारतीय हिंदू परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष शिवेंद्र यादव, जिला अध्यक्ष ठाकुर अवधेश सिंह ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने चोरों की तलाश में टीम गठित की है। जिस तरह से लगातार मंदिरों से चोरी हुई है, उससे पुलिस अंदाजा लगा रही है कि मंदिरों से चोरी करने वाला गैंग जिले में सक्रिय है जो वारदात को अंजाम दे रहा है।
लखीमपुर में भी हुई वारदात
लखीमपुर खीरी के भीरा थाना क्षेत्र में गांव पंचायत बगियाखेड़ा में रविवार की रात धार्मिक स्थल बरमबाबा में बदमाश घुस गए। बदमाशों ने पुजारी बाबा संजय कुमार गौड़ को धमकी देते हुए उन्हें कमरे में बंद कर दिया। बदमाश दानपात्र तोड़कर कई महीने का जमा धन ले गए। पुजारी ने रात में ही मंदिर कमेटी वालों को फोन पर सूचना दी।
कमेटी के लोग पहुंचे तो देखा दानपात्र का ताला टूटा पड़ा था और उसमें रखी दान की रकम गायब थी। कमेटी के लोगों ने कमरे में बंद पुजारी को बाहर निकाला। मंदिर कमेटी के लोगों ने तहरीर देने की कही है। वहीं, संसारपुर में सरताज की वर्कशॉप और इश्तेकार की किराना की दुकान में शटर तोड़ हजारों की चोरी हुई है।