फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Shahjahanpur News ›   target is free from sp and bsp

यूपी को सपा-बसपा से मुक्त करना भाजपा का लक्ष्य

Tue, 10 May 2016 12:22 AM IST
ब्यूरो/शाहजहांपुर
ब्यूरो/शाहजहांपुर Updated Tue, 10 May 2016 12:22 AM IST
विज्ञापन
target is free from sp and bsp
यूपी को सपा-बसपा से मुक्त करना भाजपा का लक्ष्य 
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि जिस तरह 2014 के लोकसभा चुनाव में पूरे देश में कमल खिला, उसी तरह 2017 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में कमल खिलाने की जरूरत है। तभी भ्रष्टाचारी और गुंडों की सरकार से मुक्ति मिल पाएगी। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस मुक्त भारत का नारा पार्टी ने दिया था। अबकी बार सपा-बसपा मुक्त उत्तर प्रदेश का नारा भाजपा लेकर आई है। इसके लिए उन्होंने 265 प्लस का लक्ष्य निर्धारित किया है। 
विज्ञापन

प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार शाहजहांपुर आए फूलपुर के सांसद केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हाईकमान ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, वो केवल उन्हीं की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक कार्यकर्ता की है। इसलिए प्रदेश भर में कहीं भी भाजपा के किसी कार्यकर्ता के सम्मान पर आंच आती है, तो वह अपने शरीर की एक-एक बूंद कार्यकर्ताओं के लिए समर्पित करने में नहीं हिचकेंगे। कार्यकर्ताओं से खचाखच भरे गांधी भवन में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस समय पूरा प्रदेश सपा जैसी परिवारवादी पार्टी की गिरफ्त में फंसा है। गुंडों का आतंक चारो ओर दिखा रहा है। कानून व्यवस्था का कहीं अता-पता नहीं है। ऐसी सरकार को अब उखाड़ फेंकने का समय आ गया है। 
विज्ञापन

सपा सरकार के कारनामों से जनता ऊब चुकी है और उसे उखाड़ फेंकने के लिए इस बार शाहजहांपुर से एक रन (सीट) से काम नहीं चलेगा। बल्कि छक्का (सभी छह सीटें) लगाना होगा, जिससे विरोधियों के छक्के छूट जाएं। जातिवाद और गुंडागर्दी को बढ़ावा देने वाली सपा-बसपा से मुक्त प्रदेश को भाजपा ही उत्तम प्रदेश बना सकती है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के रूप में देश को सबसे सशक्त प्रधानमंत्री और नेतृत्वकर्ता मिला है। इस पर सभी देशवासियों को गर्व करना चाहिए। अब किसी भी माई के लाल में ताकत नहीं कि वह केंद्र की योजनाओं में भ्रष्टाचार कर सके। सपा-बसपा की गुंडागर्दी का जवाब कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ पर कमल खिलाकर देने को तत्पर है। सपा की साइकिल पंचर हो चुकी है और कांग्रेस का नामलेवा प्रदेश में नहीं बचा है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

इस अवसर पर विधानमंडल दल के नेता सुरेश खन्ना और सांसद कृष्णा राज ने प्रदेश अध्यक्ष को आश्वासन दिया कि यहां का कार्यकर्ता बहुत मेहनती और ईमानदार है। इसलिए सभी सीटें भाजपा की झोली में जाएंगी। सांसद ने कहा कि जिस तरह महाभारत में केशव ने पांडवों का सारथी बनकर विजय दिलाई थी, उसी तरह भाजपा ने केशव प्रसाद को प्रदेश नेतृत्व सौंपा है। इसलिए पार्टी के इस सारथी की जीत जरूर होगी। जिला महामंत्री डीपी सिंह के संचालन में हुई सभा में क्षेत्रीय अध्यक्ष भवानी सिंह, बीएल वर्मा, विधायक महेश शर्मा, जिलाध्यक्ष राकेश मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप यादव, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बाबूराम गुप्ता, छावनी परिषद के उपाध्यक्ष अवधेश दीक्षित, पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र पाल सिंह, पूर्व विधायक धीरेंद्र प्रसाद, मंजुला बाथम, सरोज गुप्ता, डॉ. रागिनी सिंह, नगराध्यक्ष अनिल वाजपेयी वाण, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष फिरासत अली, ब्लाक प्रमुख क्षमा वर्मा समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। 

स्वागत-सत्कार से अभिभूत हुए प्रदेश अध्यक्ष
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य के जिले में आगमन पर जोरदार स्वागत किया गया। सेहरामऊ दक्षिणी में भाजयुमो जिलाध्यक्ष अंशुल सिंह चौहान के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने ढोल और पार्टी के झंडे लगाकर मोटरसाइकिल के काफिले के साथ उनकी अगवानी की। कार्यकर्ता चंदन तिलक लगाकर पहुंचे थे। हनुमत धाम पर प्रबंध समिति अध्यक्ष विनोद अग्रवाल के नेतृत्व में केशव प्रसाद को पूजन के बाद रामनामी दुपट्टा ओढ़ाकर सुंदरकांड की प्रति और हनुमानजी की प्रतिमा भेंटकर सम्मानित किया। गांधी भवन में मोहम्मदी के चेयरमैन संदीप मेहरोत्रा ने चांदी का मुकुट पहनाकर, विधानमंडल के नेता सुरेश खन्ना ने कमल का फूल, वेद प्रकाश मौर्य ने गदा और गणेश प्रतिमा, पुवायां के राजवीर सिंह ने तलवार और सरोपा, अरुण यादव उर्फ चैनू, मनोज कश्यप, तसलीम लगारी समेत कई लोगों ने स्मृति चिन्ह देकर प्रदेश अध्यक्ष को सम्मानित किया।  

ये हमारी परंपरा नहीं है...
गांधी भवन में मंच पर प्रदेश अध्यक्ष का फूल मालाएं पहनाकर स्वागत करने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। यह सिलसिला खत्म होने का नाम नहीं ले रहा था। तब सुरेश खन्ना ने माइक संभाला और तत्काल मंच छोड़ने का निर्देश कार्यकर्ताओं को दिया। बोले: यह स्वागत करने का कोई तरीका नहीं है और न ही भाजपा की ऐसी परंपरा है। स्वागत करें, लेकिन अतिथि का घेराव करके नहीं।

सेल्फी की लगी होड़
प्रदेश अध्यक्ष के साथ सेल्फी लेने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं में होड़ लगी रही। हनुमत धाम से लेकर गांधी भवन तक कार्यकर्ता मौका देखकर केशव प्रसाद मौर्य को अपने साथ मोबाइल में कैद करते नजर आए।       

कई संस्थाओं ने सौंपे ज्ञापन
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को अखिल भारतीय ब्राह्मण सभा ने भगवान परशुराम की जन्मस्थली को राष्ट्रीय पर्यटन स्थल घोषित कराने समेत कई मांगों को लेकर प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन दिया। ज्ञापन देने वालों में अध्यक्ष हरचरन मिश्र, राजेश शुक्ला, सावित्री शर्मा, मनोज अवस्थी, हिमांशु मिश्रा आदि शामिल रहे। यूपी टीईटी संघर्ष मोर्चा ने वर्ष 2011 के उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का समायोजन कराने के लिए ज्ञापन दिया। ज्ञापन में जिलाध्यक्ष सतीश सिंह समेत तमाम टीईटी धारकों के हस्ताक्षर थे। इसके अलावा कई अन्य संगठनों ने भी ज्ञापन दिए। 

केशव प्रसाद ने हनुमत धाम में की पूजा
शाहजहांपुर आने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने हनुमत धाम पहुंचकर पूजा -अर्चना की। यहां प्रबंध समिति के अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह, विवेकानंद पुस्तकालय के अध्यक्ष नरेश नारायण श्रीवास्तव, संतोष शुक्ला, रशीद कुरैशी, सुचित सेठ, आनंद मिश्रा, अनिल मालवीय आदि ने स्वागत किया। 


भाजपा राज में जेल में होंगे भ्रष्टाचारी और गुंडे 
शाहजहांपुर। प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने पत्रकारों से भी बातचीत की और कहा कि प्रदेश में भाजपा का जनाधार तेजी से बढ़ा है। इसलिए उन्हें अपना 265 प्लस का लक्ष्य पूरा करने में कोई रुकावट नजर नहीं आएगी। इस लक्ष्य को कार्यकर्ता और मतदाता पूरा कराएंगे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचारी की जगह में जेल है और भाजपा की सरकार बनने पर भ्रष्टाचारियों और गुंडों को जेल भेजा जाएगा। देश-प्रदेश लूटने वालों को जनता माफ नहीं करेगी। वर्ष 2017 के चुनाव में भाजपा का नारा भ्रष्टाचार मुक्त, गुंडागर्दी मुक्त, सपा-बसपा मुक्त और सुशासन-विकास युक्त प्रदेश में रहेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed