Shahjahanpur: एक दिन की एसडीएम बनी छात्रा निष्कर्ष पटेल, तहसील से नदारद कर्मचारियों से किया जवाब तलब
शाहजहांपुर के पुवायां में मिशन शक्ति अभियान के तहत 12वीं की छात्रा निष्कर्ष पटेल को एक दिन का एसडीएम बनाया गया। छात्रा ने एसडीएम के तौर पर लोगों की समस्याएं सुनीं और लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों से जवाब तलब किया।
विस्तार
शाहजहांपुर में मिशन शक्ति अभियान के तहत पुवायां में एक दिन के लिए एसडीएम बनाईं गईं छात्रा निष्कर्ष पटेल एक्शन में नजर आईं। उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर चेक किया तो तहसील के कर्मचारियों की पोल खुल गई। छह कर्मचारी बिना छुट्टी गायब मिले तो सभी को फोन पर जवाब तलब किया।
गांव मरेना निवासी निष्कर्ष पटेल नगर के राजकीय कन्या इंटर कालेज में 12वीं की छात्रा हैं। उन्हें सोमवार को एक दिन के लिए एसडीएम बनाया गया। तहसील पहुंचने पर एसडीएम चित्रा निर्वाल ने निष्कर्ष पटेल को बुके और उपहार देकर सम्मानित किया। इसके बाद एसडीएम की कुर्सी पर बैठते ही निष्कर्ष पटेल ने कर्मचारियों के हाजिरी रजिस्टर को तलब किया। इसमें छह कर्मचारी गायब मिले। जिस पर उन्होंने सभी कर्मचारियों को फोन कर बिना छुट्टी लिए गायब होने पर नाराजगी जताई।
लोगों की समस्याएं सुनीं
एक महिला कर्मचारी ने तुरंत मौके पर पहुंचकर हाजिरी लगाई। दो कर्मचारी अधिकारियों के साथ भ्रमण पर मिले। तीन कर्मचारियों ने तुरंत ही छुट्टी का प्रार्थनापत्र लिखकर व्हाट्सएप पर मैसेज किया। इसके बाद निष्कर्ष पटेल ने जनसुनवाई करते हुए लोगों की समस्याओं को सुनकर निस्तारण करने के निर्देश दिए। गांव बुझिया की एक महिला ने रास्ते में मकान का छज्जा बनाने की शिकायत की जिस पर उन्होंने तुरंत पुलिस को मौके पर भिजवाकर समस्या समाधान कराने को कहा।
गांव कंजा में प्राथमिक स्कूल के पास पशु बांधे जाने से गंदगी होने की शिकायत मिली। उन्होंने स्वच्छता अभियान के बारे में लोगों को जागरूक करके स्कूल के पास सफाई कराने के निर्देश दिए। निष्कर्ष ने बताया कि भविष्य में वह आईएएस बनकर लोगों की सेवा करना चाहती हैं। सरकार की योजनाओं को गांव के हर व्यक्ति तक पहुंचाया जाना चाहिए।
एसडीएम चित्रा निर्वाल ने बताया कि छात्रा को एक दिन का एसडीएम बनाया गया था। चेकिंग में जो तीन कर्मचारी गायब मिले, उनसे जवाब तलब किया गया था। उनके छुट्टी के प्रार्थनापत्र आ गए थे। आगे से बिना बताए गायब होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।